हिन्दी पखवाड़े के ढकोसले को बंद कीजिए

Edited By ,Updated: 14 Sep, 2024 06:53 AM

stop the sham of hindi fortnight

हिन्दी  प्रेमी होने के नाते इस 14 सितंबर को हिन्दी भाषी और हिन्दी के शुभचिंतक गण से अपना पुराना आग्रह दोहराना चाहूंगा कि कृपया हिन्दी दिवस और हिन्दी पखवाड़े के ढकोसले को बंद कर दीजिए। साल में एक बार हिन्दी की आरती उतारने की बजाय 365 दिन हिन्दी का...

हिन्दी  प्रेमी होने के नाते इस 14 सितंबर को हिन्दी भाषी और हिन्दी के शुभचिंतक गण से अपना पुराना आग्रह दोहराना चाहूंगा कि कृपया हिन्दी दिवस और हिन्दी पखवाड़े के ढकोसले को बंद कर दीजिए। साल में एक बार हिन्दी की आरती उतारने की बजाय 365 दिन हिन्दी का इस्तेमाल कीजिए। राष्ट्रभाषा का नकली दावा और राजभाषा की सरकारी धौंस छोड़कर हिन्दी को अपने तरीके से फलने-फूलने दीजिए। दफ्तरों और अफसरों को हिन्दी अपनाने का आदेश भर मत दीजिए। सरकारी कामकाज के लिए ऐसी हिन्दी गढि़ए जिसे बिना अनुवाद के समझा जा सके। बच्चों को हिन्दी पढऩे-बोलने के उपदेश मत दीजिए, उनके लिए ऐसी कहानियां लिखिए कि उन्हें हिन्दी का चस्का लग जाए।

भाषाओं के संसार में हिन्दी की स्थिति अन्य भाषाओं से अलग है। यह लगातार फैल रही है और साथ-साथ सिकुड़ती भी जा रही है। इसे बोलने-समझने वालों की संख्या और उनके भूगोल का लगातार विस्तार होता जा रहा है। लेकिन इसका उपयोग लगातार सिमटता जा रहा है, भाषा गहरी होने की बजाय छिछली होती जा रही है। अगर अंग्रेजी ज्वालामुखी के गाढ़े लावे की तरह पूरी दुनिया को ढक रही है तो हिन्दी तालाब में पानी पर बिछी काई की पतली-सी परत की तरह धीरे-धीरे फैल रही है।

2011 की जनगणना के मुताबिक देश में 43 प्रतिशत लोग हिन्दी (या भोजपुरी और मारवाड़ी जैसी किसी ‘उपभाषा’) को अपनी मातृभाषा बताते हैं। अगर इसमें उन लोगों की संख्या जोड़ दी जाए जो अपनी दूसरी या तीसरी भाषा के रूप में हिन्दी का जिक्र करते हैं तो यह आंकड़ा 57 प्रतिशत था। यह आंकड़ा हर दशक में बढ़ा है और अगली जनगणना तक 60 प्रतिशत के पार जाने की संभावना है। हिन्दी भाषा के इस प्रसार का असली काम सरकारी राजभाषा तंत्र ने नहीं बल्कि हिन्दी सिनेमा, गीत, टी.वी. सीरियल और क्रिकेट कमैंट्री ने किया है। टी.वी. की दुनिया में हिन्दी का जो स्थान था वह सोशल मीडिया आने के बाद भी कमोबेश जारी है। यही नहीं, धीरे-धीरे हिन्दी गैर-हिन्दी भाषियों के बीच सेतु का काम करने लगी है।

पहले यह सेना और रेलवे जैसी अखिल भारतीय सेवाओं में होता था, मगर अब इसे राष्ट्रीय स्तर पर भर्ती करने वाले कॉलेज और यूनिवॢसटी के युवक-युवतियों में भी देखा जा सकता है। राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक संवाद की भाषा के रूप में भी हिंदी की स्वीकार्यता बढ़ी है। हिन्दी का संकट विस्तार का नहीं, गहराई का है। हिन्दी को ज्यादा से ज्यादा लोग अपना रहे हैं, लेकिन सिर्फ बोलचाल की भाषा के रूप में। जैसे किसान का बेटा गांव छोडऩे को लालायित रहता है, उसी तरह हिन्दी को मातृभाषा बताने वाला भी अपनी हिंदी से पिंड छुड़ाने के चक्कर में रहता है। हिन्दी की किताब या पत्रिका को घर में रखने से झेंपता है।

टूटी-फूटी अंग्रेजी बोलने में अपनी शान समझता है, हिन्दी मजबूरी में बोलता है। जैसे ही बस चला, हिन्दी मीडियम की छाप से मुक्ति पाना चाहता है। घर में हिन्दी बोलता भी है तो ‘मम्मी, मेरे होमवर्क को फिनिश करने में प्लीज मेरी हैल्प कर दो’ वाली भाषा बोलता है। अभिजात्य वर्ग के लोग अगर हिन्दी बोलते हैं तो सिर्फ ड्राइवर, चौकीदार या बाई, या फिर नानी-दादी। इसलिए अपने अभूतपूर्व विस्तार के बावजूद हिन्दी पहले से हल्की होती जा रही है। हिन्दी साहित्य कमजोर नहीं हुआ है, क्योंकि भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिए अब भी हिन्दी का सहारा लेना पड़ता है। लेकिन भाषा ज्ञान पहले से कमजोर हुआ है। हिन्दी पट्टी के स्नातक हिन्दी की वर्तनी ठीक से नहीं लिख पाते।

हिन्दी भाषी डाक्टर, इंजीनियर और मैनेजर हिन्दी में एक पन्ना भी नहीं लिख सकते। बचपन की याद और दोस्तों के बीच चुटकुले सुनाने के लिए हिन्दी बची है, लेकिन देश और दुनिया की चिंता की भाषा हिन्दी नहीं है। एक भारतीय वैज्ञानिक के लिए यह कल्पना करना भी कठिन है कि जापान और कोरिया की तरह ज्ञान-विज्ञान और तकनीक की शिक्षा अंग्रेजी को छोड़कर हिन्दी में दी जा सकती है। हिन्दी में अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, दर्शन की डिग्री तो मिल जाती है, लेकिन इन विषयों पर मौलिक शोध नहीं होता। हिन्दी बोल कर अच्छे पैकेज वाली नौकरी नहीं मिल सकती। सरकारी संघ लोक सेवा आयोग ने भी हिन्दी मीडियम वालों को छांटने के पुखता इंतजाम किए हुए हैं।

अपने वर्चस्व के बावजूद हिन्दी बेचारी है। संख्याबल के बावजूद बेचारगी का यह एहसास कुंठा और हीनताबोध को जन्म देता है। उससे पैदा होती है एक खोखली आक्रामकता। अंग्रेजी की दासी होने की भरपाई हिन्दी अपनी ही बोलियों की सौतेली मां और अन्य भारतीय भाषाओं की सास बनकर  राष्ट्रभाषा होने का दावा करती है, अपनी ही बोलियों को ‘अशुद्ध हिन्दी’ करार देती है। हिन्दी जितना रौब जमाने की कोशिश करती है उसकी कमजोरी उतना ही उजागर होती जाती है।

आइए इस ङ्क्षहदी दिवस पर संकल्प लें कि हम इस सरकारी ढकोसले में हिस्सा नहीं लेंगे। न हिन्दी का स्यापा करेंगे न ही उसकी गर्वोक्ति। हिन्दी को अंग्रेजी के समकक्ष दर्जा दिलाने के लिए सिर्फ सरकारी फरमानों का सहारा नहीं लेंगे। हम हिन्दी को समृद्ध बनाएंगे। हिन्दी को उसका स्थान दिलाने के लिए अन्य भारतीय भाषाओं से बैर नहीं पालेंगे, हिन्दी में समाई अनेक भाषाओं का वजूद नहीं मिटाएंगे। हिन्दी को इस काबिल बनाएंगे कि वह मां की तरह अपनी ‘उप-भाषाओं’ का पालन-पोषण करे, आयु में अपने से बड़ी अन्य भारतीय भाषाओं को बड़ी बहन-सा सम्मान दे, भाषाओं के बीच सेतु बनाने के लिए खुद बिछने को तैयार रहे। -योगेन्द्र यादव

Related Story

    Afghanistan

    134/10

    20.0

    India

    181/8

    20.0

    India win by 47 runs

    RR 6.70
    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!