Edited By Niyati Bhandari,Updated: 13 Mar, 2025 12:51 PM

Best Places to Celebrate Holi Festival in India in 2025: गुलाल और रंगों के त्योहार होली का नाम सुनते ही लोग उत्साह से भर जाते हैं। खाने से लेकर पहनने तक की तैयारी पहले से ही शुरू हो जाती है। रंगों का यह त्योहार देशभर में धूमधाम से मनाया जाता है।...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Best Places to Celebrate Holi Festival in India in 2025: गुलाल और रंगों के त्योहार होली का नाम सुनते ही लोग उत्साह से भर जाते हैं। खाने से लेकर पहनने तक की तैयारी पहले से ही शुरू हो जाती है। रंगों का यह त्योहार देशभर में धूमधाम से मनाया जाता है। हालांकि, कई राज्यों में इस त्योहार को मनाने का तरीका बेहद अलग है। देश की कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहां होली का पर्व आकर्षण का केंद्र होता है। ऐसे में होली पर देश की कुछ खास जगहों पर जा सकते हैं।
बनारस की मशहूर ठंडाई
होली बनारस में दो दिन तक मनाई जाती है। बात करें यहां के गंगा घाट की तो यहां केवल भारतीय ही नहीं बल्कि विदेशी पर्यटक भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। दश्वाशमेध, अस्सी, तुलसी घाट आदि पर अलग रौनक देखने को मिलती है। होली के दिन लोग घाट पर ठंडाई बनाते हैं और एक-दूसरे को पिलाते हैं। हालांकि, यह ठंडाई भांग की होती है। इसके अलावा भांग के लड्डू भी बनाए जाते हैं।
बनारस में सुबह से होली खेलनी शुरू हो जाती है व शाम होने से पहले तक खेलते रहते हैं। इस दिन घाट पर लजीज व्यंजन भी बनाए जाते हैं, जिसे सब मिलकर खाते हैं।

पुष्कर की कपड़ा फाड़ होली
पिछोला झील के किनारे बसा पुष्कर हमेशा विदेशियों का पसंदीदा शहर माना गया है। यहां होली का त्योहार मनाने हजारों लोग आते हैं और मुख्य चौक में एक बड़ी पार्टी करते हैं। यहां वराह घाट और ब्रह्म चौक पर मुख्य आयोजन किया जाता है जहां लोगों की भीड़ देखी जा सकती है।
होली के दिन लोगों की भीड़ डी.जे. पर जम कर डांस करती दिखाई देती है। यही नहीं, यहां कपड़ा फाड़ होली भी मनाई जाती है। दरअसल लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाते हैं और इस दौरान एक-दूसरे के कपड़ों को फाड़ने की होड़ मचती है। यह सब कुछ न केवल भारतीय पर्यटकों बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी खूब पसंद आता है।

उदयपुर में शाही अंदाज की होली
उदयपुर में शाही अंदाज से होली मनाई जाती है। दरअसल, उदयपुर में शाही तरीके से होलिका जलाकर होली का जश्न शुरू किया जाता है। होली के त्योहार पर सिटी पैलेस में शाही निवास से मानेक चौक तक जुलूस निकाला जाता है, जिसमें सजे-धजे घोड़े, हाथी, और ऊंट शामिल होते हैं। यही नहीं जुलूस के साथ बैंड-बाजा और राजधानी गीत-संगीत भी बजता रहता है। वहीं विदेशी पर्यटक सुबह चौक पर गुलाल लेकर खेलने के लिए एकत्र होते हैं।

आनंदपुर साहिब का होला मोहल्ला
पंजाबी तरीके से होली मनाना चाहते हैं तो आनंदपुर साहिब जाना सर्वोत्तम है। जिस तरह अन्य शहरों में होली की रौनक देखने को मिलती है, यहां का नजारा कुछ अलग होता है क्योंकि यहां होला मोहल्ला मनाया जाता है। इस अवसर पर तलवारों से करतब, मार्शल आर्ट्स, कुश्ती जैसे खेलों का प्रदर्शन किया जाता है।

बलदेव में देवर-भाभी की होली
मथुरा से आधे घंटे की दूरी पर स्थित गांव बलदेव की होली बेहद खास है। यहां होली के अगले दिन बलदेव में हुरंगा का आयोजन किया जाता है। यहां भाभी-देवर की अद्भुत होली खेली जाती है, जिसमें लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। होली खेलने के लिए हल्दी, केसर और पीले रंग का इस्तेमाल किया जाता है। ब्रज में मनाई जाने वाली होली की तरह हुरंगा भी काफी मशहूर है।

बरसाना की लट्ठमार होली
होली की बात हो और मथुरा का नाम सबसे पहले याद न आए, यह तो हो ही नहीं सकता। होली का नाम लेते ही भगवान श्रीकृष्ण और मथुरा-वृंदावन का जिक्र आता है। यहां खेली जाने वाली फूलों की होली दुनिया भर में मशहूर है। इस जगह पर होली मनाने के लिए विदेशी पर्यटक भी दूर-दूर से आते हैं। यहां होली की शुरुआत 7 दिन पहले ही हो जाती है। यहां की लट्ठमार होली भी बहुत मशहूर है जिसमें महिलाएं लाठी लेकर पुरुषों पर बरसाती हैं जिसे वे एक ढाल से रोकते हैं।

मणिपुर की होली भी है खास
यह जगह जितनी खूबसूरत वादियों के लिए लोकप्रिय है, उतना ही खास यहां होली का त्योहार भी होता है। मणिपुर में होली उत्सव और योसंग त्योहार 6 दिनों तक चलता है जिसमें कई पर्यटक हर साल शामिल होते हैं। इस दौरान खाने-पीने के लिए कई तरह के स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ भी उठा सकते हैं।