Edited By Sarita Thapa,Updated: 03 Feb, 2025 01:09 PM
Deepest Hole In The World: दुनिया का सबसे गहरा गड्ढा वैज्ञानिकों को मिल गया है। यह मैक्सिको के युकाटन प्रायद्वीप की चेतुमल खाड़ी में है। इसका नाम है ‘ताम जा बल्यू होल’। अभी तक वैज्ञानिक इसकी गहराई नाप नहीं पाए हैं लेकिन शुरुआती गणना के अनुसार यह...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Deepest Hole In The World: दुनिया का सबसे गहरा गड्ढा वैज्ञानिकों को मिल गया है। यह मैक्सिको के युकाटन प्रायद्वीप की चेतुमल खाड़ी में है। इसका नाम है ‘ताम जा बल्यू होल’। अभी तक वैज्ञानिक इसकी गहराई नाप नहीं पाए हैं लेकिन शुरुआती गणना के अनुसार यह 1380 फुट से भी अधिक गहरा है। वह भी समुद्र की सतह के नीचे यानी इसका सीधा कनैक्शन पाताल से है। साइंटिस्ट अभी तक इसके तल तक नहीं पहुंच पाए हैं।
इससे पहले सबसे गहरे गड्ढे का रिकॉर्ड दक्षिणी चीन सागर में मौजूद ‘ड्रैगन होल’ के नाम था। यह 990 फुट गहरा था जबकि ‘ताम जा बल्यू होल’ इससे 390 फुट से भी अधिक गहरा है। पिछले साल 6 दिसम्बर को स्कूबा डाइवर्स ने इस गड्ढे की खोज की, जिसके बारे में इस साल 29 अप्रैल को फ्रंटियर्स इन मरीन साइंस जर्नल में रिपोर्ट छपी है।
वैज्ञानिकों ने इसकी गहराई नापने के लिए कंडक्टिविटी, टैंपरेचर एंड डैप्थ प्रोफाइलर (सी.टी.डी.) तकनीक का इस्तेमाल किया। इससे समुद्र के नीचे की सतह का रियल टाइम डाटा मिलता है, जिससे पता चलता है कि यह दुनिया का सबसे गहरा ‘बल्यू होल’ है जिसकी तलहटी तक अभी कोई गोताखोर या पनडुब्बी जा नहीं पाई है।
क्या होते हैं ब्ल्यू होल?
सी.टी.डी. प्रोफाइलर से यह भी पता चला है कि 1312 फुट की गहराई में इस गड्ढे से कई गुफाएं और सुरंगें भी निकलती हैं, जो आपस में जुड़ी हुई हैं। यहां पर तापमान और सैलिनिटी यानी नमक की मात्रा कैरिबियन सागर की तरह है। ब्ल्यू होल यानी सिंकहोल जैसे होते हैं लेकिन ये पानी में होते हैं। ये जमीन के अंदर वर्टिकल गड्ढे होते हैं जो बाद में नीचे सुरंगों के जाल से जुड़े रहते हैं या फिर कभी-कभी नहीं भी जुड़े हो सकते हैं।
इनकी तलहटी में आमतौर पर लाइमस्टोन, मार्बल और जिप्सम पाया जाता है। ऐसे ही कुछ प्रसिद्ध ब्ल्यू होल हैं बहामास का ‘डीन्स ब्ल्यू होल’, मिस्र का ‘दहाब ब्ल्यू होल’ या बेलीज का ‘ग्रेट ब्ल्यू होल’।
वहीं वैज्ञानिकों का कहना है कि ‘ताम जा बल्यू होल’ की असली गहराई पता करने में थोड़ा समय और लग सकता है क्योंकि उनके यंत्र और गहराई तक नहीं जा सकते। सी.टी.डी. प्रोफाइलर 1640 फुट तक जा सकता है लेकिन अंडरवाटर करंट की वजह से उसकी तार टूटने का खतरा था इसलिए उसे 1380 फुट से वापस खींच लिया गया।