Edited By Pardeep,Updated: 29 Mar, 2025 08:47 AM

म्यांमार में शुक्रवार को एक शक्तिशाली भूकंप ने दक्षिण-पूर्व एशिया को हिलाकर रख दिया। भूकंप के झटके म्यांमार के मध्य भाग में महसूस किए गए, जहां शुक्रवार को दिनभर का सिलसिला जारी रहा, लेकिन देर रात एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए।
इंटरनेशनल डेस्कः म्यांमार में शुक्रवार को एक शक्तिशाली भूकंप ने दक्षिण-पूर्व एशिया को हिलाकर रख दिया। भूकंप के झटके म्यांमार के मध्य भाग में महसूस किए गए, जहां शुक्रवार को दिनभर का सिलसिला जारी रहा, लेकिन देर रात एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह नया झटका शुक्रवार रात 11:56 मिनट पर आया और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। इसके बाद लोगों में घबराहट फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए।
शुक्रवार के भूकंप में अब तक 144 लोगों की मौत हो चुकी है और 732 लोग घायल हुए हैं। कई लोग मलबे में दब गए हैं और राहत कार्यों के दौरान मृतकों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है। म्यांमार सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकाल की घोषणा कर दी है और बचाव एवं राहत कार्य तेज़ी से चलाए जा रहे हैं। राहत दलों को मलबे से लोगों को निकालने के लिए तैनात किया गया है।
अमेरिका के जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.7 थी और यह 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। भूकंप का केंद्र म्यांमार के मांडले शहर से लगभग 17 किलोमीटर दूर था, जिसकी आबादी करीब 1.5 मिलियन है। भूकंप के कारण यहां की कई इमारतें ढह गईं और भारी नुकसान हुआ।
भूकंप के बाद म्यांमार और थाईलैंड में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दोनों देशों की सरकारें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद की अपील की गई है। इसके अलावा, कई देशों ने म्यांमार को सहायता देने की पेशकश की है। भूकंप के बाद की स्थिति को देखते हुए, दोनों देशों में सुरक्षा और सहायता उपायों को सुनिश्चित करने के लिए और मजबूत कदम उठाए जा रहे हैं।
थाईलैंड में भारतीय दूतावास ने जारी की आपातकालीन हेल्पलाइन
थाईलैंड में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद भारतीय दूतावास ने थाईलैंड में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। बैंकॉक और थाईलैंड के अन्य हिस्सों में भूकंप के झटकों के बाद, दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट जारी किया। इसमें कहा गया है कि भारतीय दूतावास थाई अधिकारियों के साथ समन्वय में स्थिति पर बारीकी से निगरानी कर रहा है। सभी भारतीय नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी गई है। भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर +66 618819218 जारी किया गया है। दूतावास ने यह भी जानकारी दी कि बैंकॉक में भारतीय दूतावास और चियांग माई में वाणिज्य दूतावास के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है।
बैंकॉक में एयरपोर्ट, रेल और मेट्रो सेवाओं का संचालन प्रभावित
बैंकॉक में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद सरकार ने सुरक्षा कारणों से दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट सुवर्णभूमि और डॉन मुआंग को तत्काल बंद कर दिया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर निकाल लिया गया है और एयरपोर्ट्स पर सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं। इसके अलावा, शहर के अन्य परिवहन नेटवर्क पर भी इसका असर पड़ा है। रेल और मेट्रो सेवाओं को बंद कर दिया गया है, और सभी सबवे स्टेशनों को सुरक्षा कारणों से तात्कालिक रूप से बंद कर दिया गया है। बैंकॉक की सड़कों पर भारी भीड़ और यातायात जाम की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि लोग घबराहट में अपने घरों से बाहर निकलने लगे हैं।