Edited By Tanuja,Updated: 23 Jan, 2025 01:13 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को 100 दिनों के भीतर समाप्त करने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सख्त चेतावनी दी ...
International Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को 100 दिनों के भीतर समाप्त करने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सख्त चेतावनी दी है और यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से बातचीत कर समाधान तलाशने का प्रयास किया है। ट्रंप कूटनीतिक प्रयासों के साथ-साथ यूरोपीय संघ पर दबाव बढ़ाने और रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। हालांकि, जेलेंस्की ने स्पष्ट कर दिया है कि यूक्रेन रूस के कब्जे को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव अब भी बरकरार है।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की कड़ी चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद संभालने के बाद रूस-यूक्रेन युद्ध पर आक्रामक रुख अपनाया है। उन्होंने सीधे तौर पर रूस को अल्टीमेटम देते हुए कहा है, “अगर पुतिन युद्ध खत्म करने के लिए समझौता नहीं करते हैं, तो वह अपने ही हाथों रूस को तबाह कर देंगे। यह युद्ध रूस की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर रहा है, मुद्रास्फीति बढ़ रही है और देश में स्थिरता खत्म हो रही है।”
ये भी पढ़ेंः-ट्रंप ने कहा- पुतिन बेहद ‘स्मार्ट', अगर बातचीत नहीं करते तो रूस पर प्रतिबंध संभव
अमेरिकी जनरल ने कहा-टुकड़े-टुकड़े होगा रूस
सेवानिवृत्त अमेरिकी जनरल बेन होजेस ने भी ट्रंप के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि रूस पतन की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पुतिन ने युद्ध खत्म नहीं किया, तो रूस छोटे-छोटे राज्यों में बंट जाएगा। होजेस ने द यूक्रेनियन रिव्यू को दिए इंटरव्यू में कहा, “रूस की मौजूदा स्थिति खतरनाक है। युद्ध, आर्थिक संकट और आंतरिक असंतोष से देश का पतन लगभग तय है। दुनिया को परमाणु अराजकता और शरणार्थियों की एक बड़ी लहर के लिए तैयार रहना चाहिए।” बता दें कि यूक्रेनी सेना के जनरल स्टाफ के अनुसार, तीन साल से जारी युद्ध में अब तक 8 लाख से ज्यादा रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं। युद्ध ने रूस की अर्थव्यवस्था और स्थिरता को बुरी तरह प्रभावित किया है।
ये भी पढ़ेंः-ट्रम्प के शपथ ग्रहण में पहुंचा खालिस्तानी आतंकी पन्नू , मंच के पास खालिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए (Video)
अलेक्जेंडर दुगिन बोले- ट्रंप की हत्या होगी
अमेरिका और रूस के बीच बढ़ते तनाव के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी विचारक और ‘रासपुतिन’ के नाम से मशहूर अलेक्जेंडर दुगिन ने बड़ा दावा किया है। दुगिन ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जॉन एफ. कैनेडी की हत्या से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करते हैं, तो उनकी हत्या हो सकती है। यह बयान उस वक्त आया है, जब ट्रंप ने रूस को चेतावनी दी कि अगर उसने यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म नहीं किया, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। अलेक्जेंडर दुगिन ने इसे ट्रंप के लिए खतरनाक बताया है और चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ साजिश हो सकती है।

अमेरिका में सामाजिक अशांति फैलने का खतरा
63 वर्षीय अलेक्जेंडर दुगिन, जिन्हें पुतिन का ‘गुरु’ कहा जाता है, ने कहा कि कैनेडी की हत्या से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करना ट्रंप के लिए घातक साबित हो सकता है। दुगिन ने कहा, “ट्रंप का यह कदम उनके खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध को जन्म देगा। उनकी हत्या या आतंकवादी हमला हो सकता है। यहां तक कि अमेरिका में सामाजिक अशांति फैलने की संभावना भी बन सकती है।” दुगिन खुद भी हिंसा का शिकार हो चुके हैं। उनकी बेटी दरिया दुगिन की 2022 में हत्या कर दी गई थी। दरिया की कार में बम विस्फोट हुआ था, जो दरअसल अलेक्जेंडर दुगिन को निशाना बनाकर लगाया गया था।
रूस के विघटन के वैश्विक परिणाम
रूस के संभावित विघटन से वैश्विक स्तर पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि रूस का परमाणु शस्त्रागार अराजकता का कारण बन सकता है। इसके अलावा, शरणार्थियों की एक बड़ी लहर और यूरोप-एशिया में अस्थिरता का खतरा भी बढ़ जाएगा। रूस और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव विश्व राजनीति को एक अस्थिर मोड़ पर ले जा रहा है। ट्रंप की कड़ी चेतावनी और पुतिन की हठधर्मिता ने स्थिति को और जटिल बना दिया है। वहीं, दुगिन की चेतावनी से यह साफ है कि आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्तों में और कड़वाहट देखने को मिल सकती है।