Edited By rajesh kumar,Updated: 04 Feb, 2025 06:45 PM
स्वीडन के ओरेब्रो शहर के एक स्कूल में मंगलवार को गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
इंटरनेशनल डेस्क: स्वीडन के ओरेब्रो शहर के एक स्कूल में मंगलवार को गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और कहा कि ख़तरा अभी टला नहीं है और लोगों से स्कूल से दूर रहने का आग्रह किया।
छात्रों को आस-पास की इमारतों में शरण दी जा रही है। हिंसा के बाद स्कूल के अन्य हिस्सों को खाली करा लिया गया। गोलीबारी के बाद इमरजेंसी सेवाएं घटनास्थल पर पहुंचीं, जिसमें एम्बुलेंस, बचाव सेवाएं और पुलिस ने मोर्चा संभाला। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि गोलीबारी का कारण क्या था। वयस्क शिक्षा केंद्र स्टॉकहोम से लगभग 200 किमी (125 मील) पश्चिम में है।
पुलिस का बयान
पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में बताया, "गोलीबारी में पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। हमले की जांच 'हत्या के प्रयास, आगजनी और गंभीर हथियार अपराध' के तहत की जा रही है।" पुलिस ने यह भी कहा कि अभी तक हमले के कारणों और घायलों की स्थिति के बारे में अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन जांच जारी है।
सरकार घटनाक्रम पर बारीकी से नज़र रख रही- न्याय मंत्री
न्याय मंत्री गुन्नार स्ट्रोमर ने स्वीडिश समाचार एजेंसी टीटी को बताया, "ओरेब्रो में हिंसा की रिपोर्ट बहुत गंभीर है। पुलिस मौके पर है और ऑपरेशन जोरों पर है। सरकार पुलिस के साथ निकट संपर्क में है और घटनाक्रम पर बारीकी से नज़र रख रही है।"