Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 26 Mar, 2025 08:16 PM

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पायलट का पासपोर्ट होना अनिवार्य होता है क्योंकि यह विदेशी धरती पर प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज है। लेकिन अमेरिका से चीन जा रही एक उड़ान में ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया। यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ान संख्या...
इंटरनेशनल डेस्क: अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पायलट का पासपोर्ट होना अनिवार्य होता है क्योंकि यह विदेशी धरती पर प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज है। लेकिन अमेरिका से चीन जा रही एक उड़ान में ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया। यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ान संख्या 198, जो लॉस एंजिल्स से शंघाई के लिए रवाना हुई थी, उसे बीच रास्ते में ही वापस लौटना पड़ा क्योंकि पायलट अपना पासपोर्ट घर पर ही भूल गया था। 22 मार्च 2025 को यूनाइटेड एयरलाइंस की इस उड़ान ने लॉस एंजिल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 2 बजे उड़ान भरी थी। इस बोइंग 787-9 विमान में 257 यात्री और 13 चालक दल के सदस्य सवार थे। यह उड़ान करीब 13 से 14 घंटे की लंबी यात्रा के लिए तैयार थी, लेकिन उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद, जब विमान प्रशांत महासागर के ऊपर था, तब पायलट को एहसास हुआ कि वह अपना पासपोर्ट साथ नहीं लाया है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यह एक गंभीर मुद्दा होता है, क्योंकि बिना पासपोर्ट के पायलट किसी अन्य देश में प्रवेश नहीं कर सकता। इसी कारण विमान को सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस मोड़ने का फैसला लिया गया, क्योंकि यह यूनाइटेड एयरलाइंस का एक प्रमुख हब भी है। विमान ने शाम 5 बजे सैन फ्रांसिस्को में सुरक्षित लैंडिंग की।
यात्रियों को हुआ नुकसान, एयरलाइन ने दिया मुआवजा
इस अप्रत्याशित देरी के कारण यात्रियों को काफी असुविधा हुई। यूनाइटेड एयरलाइंस ने यात्रियों को इस असुविधा के लिए मुआवजा दिया और उन्हें फूड वाउचर भी प्रदान किए, जिनकी कीमत 15 से 30 डॉलर तक थी। इसके अलावा, एयरलाइन ने नए चालक दल की व्यवस्था की और रात 9 बजे विमान को दोबारा शंघाई के लिए रवाना किया। यह उड़ान 24 मार्च को स्थानीय समयानुसार सुबह 12:48 बजे शंघाई पहुंची, जो अपने निर्धारित समय से करीब छह घंटे देर से थी।
सोशल मीडिया पर फूटा यात्रियों का गुस्सा
यात्रियों ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली। एक यात्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, "उड़ान 198 को सैन फ्रांसिस्को डायवर्ट कर दिया गया क्योंकि पायलट अपना पासपोर्ट भूल गया? अब 6 घंटे से ज्यादा समय से फंसे हैं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।" यूनाइटेड एयरलाइंस ने इस मुद्दे पर अपनी सफाई देते हुए कहा, "22 मार्च को लॉस एंजिल्स से शंघाई जा रही हमारी उड़ान 198 को सैन फ्रांसिस्को में उतारा गया क्योंकि पायलट के पास उसका पासपोर्ट नहीं था। हमने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए नए चालक दल की व्यवस्था की।"
एयरलाइन को उठाना पड़ा भारी खर्च
यह घटना केवल यात्रियों के लिए परेशानी का कारण नहीं बनी बल्कि एयरलाइन को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। विमान को डायवर्ट करने की वजह से अतिरिक्त ईंधन की खपत हुई, नए चालक दल की व्यवस्था करनी पड़ी और यात्रियों को मुआवजा देना पड़ा।