Edited By rajesh kumar,Updated: 30 Jan, 2025 07:50 PM
बेंगलुरु में एक महिला साइबर क्राइम का शिकार बनी, जहां उसे बैंक से आई एक फेक IVR कॉल ने 2 लाख रुपए की चपत लगाई। यह घटना 20 जनवरी को दोपहर करीब 3.55 बजे होशकेरेहल्ली, दत्तात्रेयनगर की रहने वाली 57 साल की महिला के साथ हुई।
नेशनल डेस्क: बेंगलुरु में एक महिला साइबर क्राइम का शिकार बनी, जहां उसे बैंक से आई एक फेक IVR कॉल ने 2 लाख रुपए की चपत लगाई। यह घटना 20 जनवरी को दोपहर करीब 3.55 बजे होशकेरेहल्ली, दत्तात्रेयनगर की रहने वाली 57 साल की महिला के साथ हुई। महिला ने पुलिस को बताया कि उन्हें कॉल आई, जो SBI बैंक से आने का दिखावा कर रही थी, क्योंकि डिस्प्ले पर वही बैंक का नाम था और उनका खाता उसी बैंक में था।
1 दबाते ही खाते से उड़ गए 2 लाख रुपए
महिला ने कॉल उठाई और उसमें एक कंप्यूटराइज्ड आवाज सुनने को मिली, जो कह रही थी कि उनके खाते से 2 लाख रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर हो रहे हैं। इसके बाद उसे कहा गया कि अगर यह ट्रांजेक्शन उसने किया है तो 3 दबाए, और अगर यह ट्रांजेक्शन उसने नहीं किया है तो 1 दबाए। महिला ने कहा कि वह शॉक्ड थी क्योंकि उसने कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया था। फिर भी, कंफ्यूज होकर उसने 1 दबा दिया।
इसके बाद उसे एक और वॉयस नोट आया जिसमें कहा गया कि वह तुरंत अपने बैंक जाएं और बैंक मैनेजर से मिलें। कॉल डिस्कनेक्ट हो गई, और महिला ने तुरंत अपने खाते को चेक किया, तो देखा कि 2 लाख रुपए गायब थे। वह तुरंत बैंक गई और मैनेजर से मिली, जिन्होंने उसे साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने और शिकायत दर्ज करने की सलाह दी। बैंक मैनेजर ने कहा कि वे ट्रांजेक्शन को कैंसल करने के लिए कदम उठाएंगे और संबंधित विभाग से पैसे जब्त करने के लिए लेटर लिखेंगे।
महिला दर्ज कराई शिकायत
महिला ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और उसके बाद पुलिस से संपर्क किया। गिरिनगर पुलिस ने इस मामले को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और धोखाधड़ी की धारा 318 के तहत दर्ज किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर IVR कॉल के दौरान धोखेबाज वॉयस मैसेज के जरिए लक्षित व्यक्ति से निजी जानकारी जैसे बैंक खाता नंबर, डेबिट कार्ड की जानकारी या जन्मतिथि हासिल करते हैं, ताकि वो पैसे निकाल सकें। हालांकि, इस मामले में ऐसा प्रतीत होता है कि महिला ने कुछ जानकारी शेयर की हो, जिससे धोखेबाजों को उसके खाते तक पहुंचने का मौका मिला।पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आ सकेगी।