अमित शाह आज गुजरात में नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

Edited By Parveen Kumar,Updated: 22 Oct, 2024 12:38 AM

amit shah will inaugurate civil defence home guard conference in gujarat today

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को गुजरात में नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। शाह अपने दौरे के दौरान राज्य विधानसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

नेशनल डेस्क : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को गुजरात में नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। शाह अपने दौरे के दौरान राज्य विधानसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। केंद्रीय सहकारिता मंत्री शाह मंगलवार सुबह राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की हीरक जयंती समारोह और भारत में सहकारिता आंदोलन के जनक त्रिभुवनदास पटेल की जयंती के अवसर पर आनंद शहर में एक सभा को संबोधित करेंगे।गांधीनगर से सांसद के कार्यालय ने सोमवार को बताया कि दोपहर अपराह्न करीब दो बजे शाह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य विधायकों की मौजूदगी में विधानसभा को संबोधित करेंगे।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की जारी की लिस्ट

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आधी रात को 21 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। कांग्रेस ने जामताड़ा से इरफान अंसारी, जलमुंडी से बादल पत्रलेख, पूर्णियाहाट से प्रदीप यादव, महगामा से दीपिका पांडे सिंह, जमशेदपुर वेस्ट से बन्ना गुप्ता, जमशेदपुर ईस्ट से अजॉय कुमार को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि झारखंड में कांग्रेस 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि जेएमएम 43 सीटों पर चुनावी मैदान में हैं। वहीं, 7 सीटें आरजेडी को दी गई हैं। झारखंड में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण के लिए 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। 23 नवंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू आज राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2023 प्रदान करेंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश भर में जल प्रबंधन और संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2023 प्रदान करेंगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जल शक्ति मंत्रालय के तहत जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग (डीओडब्ल्यूआर, आरडी एंड जीआर) द्वारा ये पुरस्कार दिए जाते हैं, जिसमें सर्वश्रेष्ठ राज्य से लेकर सर्वश्रेष्ठ नागरिक समाज तक की नौ श्रेणियों में प्रयासों को सम्मानित किया जाता है। पुरस्कारों के पांचवें संस्करण में, ओडिशा ने सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में पहला पुरस्कार हासिल किया है, जबकि उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। गुजरात और पुडुचेरी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है।

भारत-सिंगापुर रक्षा मंत्रियों की आज होगी वार्ता
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सिंगापुर के उनके समकक्ष एनजी इंग हेन मंगलवार को एक महत्वपूर्ण वार्ता करेंगे जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है। दोनों मंत्री नयी दिल्ली में छठे भारत-सिंगापुर रक्षा मंत्री संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ाना है। दोनों पक्ष साझा हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।'' भारत और सिंगापुर के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। द्विपक्षीय रक्षा संबंध इस सहयोग का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। सिंगापुर के रक्षा मंत्री 21 अक्टूबर को तीन दिवसीय भारत पर आए और 23 अक्टूबर तक देश में रहेंगे।

बुलंदशहर में सिलेंडर ब्लास्ट, मकान का लिंटर उड़ा
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। घटना बुलंदशहर के सिकंदराबाद इलाके के आशापुरी कॉलोनी की है। यहां एक मकान में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान का लिंटर उड़ गया। विस्फोट इतना तेज था कि दो मंजिला भवन का लिंटर गिर गया। हादसे में मकान मालिक और एक बच्ची समेत पांच की मौत हो गई।कई लोग मलबे में दबे बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। एम-एसएसपी के साथ एसडीएम-सीओ समेत अन्य अधिकारियों ने एसडीआरएफ के साथ राहत बचाव कार्य शुरू कराया है।

ठाणे में फिर दिखा तेज रफ्तार का कहर
महाराष्ट्र के ठाणे से हिट एंड रन का मामला सामने आ रहा है। यहां एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने 21 साल के युवक को कुचल दिया है। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना 20 अक्टूबर की देर रात की है। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब दर्शन हेगड़े खाना खरीदकर घर लौट रहे थे। कथित तौर पर नासिक हाईवे की ओर जा रही मर्सिडीज ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।

इस कंपनी ने उड़ाई BSNL, Airtel, और Jio की नींद
Excitel ने BSNL, Airtel, और Jio के यूजरबेस में सेंध लगाने के लिए एक शानदार ऑफर पेश किया है। यह ब्रॉडबैंड इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर अपने यूजर्स को 3 महीने तक फ्री इंटरनेट सेवाएं दे रहा है। यदि आप अपने घर में ब्रॉडबैंड इंटरनेट लगवाना चाहते हैं, तो Excitel का यह ऑफर आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। आइए, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं। Excitel ने "End of Season" सेल का ऐलान किया है, जिसमें यूजर्स को 3 महीने तक फ्री इंटरनेट दिया जाएगा। यह ऑफर उन ग्राहकों के लिए है, जो 9 महीने वाले प्लान के साथ रिचार्ज कराएंगे। इस प्लान के तहत यूजर्स को 18 OTT स्ट्रीमिंग ऐप्स का सब्सक्रिप्शन भी मुफ्त में मिलेगा।

धनतेरस पर सोना खरीदना मुनाफे का सौदा
त्योहारी सीजन के दौरान सोने की मांग में जोरदार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसके साथ ही, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के रूप में सोने को खासा समर्थन मिल रहा है। घरेलू बाजार में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर 80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गई हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि धनतेरस पर सोना खरीदना अभी भी मुनाफे का सौदा साबित हो सकता है। बाजार के जानकारों के अनुसार, वैश्विक चुनौतियों और अमेरिकी बॉन्ड पर घटते रिटर्न के कारण सोने की कीमतों को समर्थन मिल रहा है। विश्व बाजार में भी सोना नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है, जो इसकी मांग को और मजबूत कर रहा है।

सरकारी नौकरी तलाश रहे लोगों के लिए खुशखबरी
अगर आप भी सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो यही सही मौका है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुपरवाइजर (S&T), जूनियर इंजीनियर (JE), असिस्टेंट सेक्शन इंजीनियर (ASE), सेक्शन इंजीनियर (SE), और सीनियर सेक्शन इंजीनियर (SSE) समेत कई पदों के लिए भर्ती निकाली है। उम्मीदवार बिना देरी करते हुए तय तिथियों में फॉर्म भर सकते हैं। ध्यान रखें कि आवेदन पत्र केवल ऑफलाइन माध्यम से निर्धारित पते पर भेजा जा सकता है और तय तिथि के बाद फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ASSISTANT MANAGER/ MANAGER पदों के लिए 1 नवंबर, Deputy General Manager/ Track/ O&M पदों के लिए 7 नवंबर, सुपरवाइजर के विभिन्न पदों के लिए 8 नवंबर और सुपरवाइजर इलेक्ट्रिकल के लिए 25 अक्टूबर 2024 लास्ट डेट है। 

करवा चौथ मनाने ड्यूटी से घर आ रही महिला सिपाही से दुष्कर्म
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, यहां एक महिला सिपाही जब देर रात करवा चौथ मनाने अपने ससुराल आ रही थी तो उसके साथ गांव के बाहर एक युवक ने दुष्कर्म किया। जिसके बाद महिला सिपाही ने इस घटना का विरोध किया जिससे आरोपी युवक की दांत टूट गई। साथ ही जब महिला ने शोर मचाय तो युवक वहां से भाग गया। वहीं पूछतांछ के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि महिला सिपाही का ससुराल कानपुर के सेन पश्चिमपारा इलाके में है। अभी वर्तमान में महिला सिपाही की ड्यूटी अयोध्या में लगी हुई है। 

Related Story

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!