Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 05 Feb, 2025 12:23 PM
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान जारी है। राजधानी की सभी 70 सीटों पर वोटिंग सुबह से ही हो रही है और शाम 6 बजे तक चलेगी। इस चुनाव में करीब 1.56 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं और 699 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद होगी। चुनाव...
नेशनल डेस्क: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान जारी है। राजधानी की सभी 70 सीटों पर वोटिंग सुबह से ही हो रही है और शाम 6 बजे तक चलेगी। इस चुनाव में करीब 1.56 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं और 699 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद होगी। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने माता-पिता के साथ वोट डालने पहुंचे। उन्होंने व्हीलचेयर पर अपने माता-पिता को मतदान केंद्र तक पहुंचाया और मतदान किया। उनके साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद थीं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली में 220 कंपनियां अर्धसैनिक बलों की तैनात हैं, वहीं 35,626 दिल्ली पुलिस जवान और 19,000 होमगार्ड भी सुरक्षा में लगे हुए हैं। लगभग 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।
मुख्य पार्टियों की लड़ाई जारी
- आम आदमी पार्टी (AAP): अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में AAP लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए मैदान में है।
- भारतीय जनता पार्टी (BJP): 25 साल से सत्ता से बाहर BJP इस बार दिल्ली की गद्दी पर कब्जा करने के लिए पूरा जोर लगा रही है।
- कांग्रेस (Congress): दिल्ली में 15 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस पिछले दो चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद वापसी की कोशिश में जुटी है।
अब तक कितनी हुई वोटिंग?
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक अब तक 19.59% वोटिंग हो चुकी है। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतारें देखी गईं।
कहां-कहां बनें पोलिंग बूथ?
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, ताकि सभी मतदाता आसानी से अपने वोट डाल सकें। इस बार सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि मतदान केंद्रों के आसपास किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
वोटिंग के बाद क्या?
चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। तब यह तय होगा कि क्या AAP लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटेगी, BJP कोई चमत्कार करेगी या कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस पाएगी?