Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 19 Apr, 2025 07:55 AM
असम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी राजनीतिक बढ़त बना ली है। राज्य में पंचायत चुनावों के तहत कई सीटों पर बिना मतदान के ही परिणाम घोषित हो गए हैं और बीजेपी गठबंधन ने जबरदस्त जीत दर्ज की है।
नेशनल डेस्क: असम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी राजनीतिक बढ़त बना ली है। राज्य में पंचायत चुनावों के तहत कई सीटों पर बिना मतदान के ही परिणाम घोषित हो गए हैं और बीजेपी गठबंधन ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पंचायत चुनावों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने कुल 348 में से 325 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की है। ये सभी सीटें नामांकन वापसी की आखिरी तारीख तक किसी विरोधी उम्मीदवार के न रहने के कारण भाजपा गठबंधन के खाते में चली गईं।
पंचायत चुनाव में NDA की बड़ी कामयाबी
मुख्यमंत्री द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, एनडीए गठबंधन ने 37 जिला परिषद सीटें और 288 आंचलिक पंचायत सीटें पहले ही जीत ली हैं। इसके साथ ही विपक्ष के हाथ सिर्फ 23 सीटें ही आई हैं। ये परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों के पहले भाजपा के लिए बड़ी मनोवैज्ञानिक बढ़त मानी जा रही है।
सीएम सरमा ने दी प्रतिक्रिया, जनता को दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस जीत को असम की जनता का विश्वास बताया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- "यह जीत असम की जनता के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के प्रति अपार प्रेम और समर्थन को दर्शाती है।" उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि "यह जीत कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत का परिणाम है।"
चुनाव से पहले BJP को मिली बड़ी बढ़त
विशेषज्ञों की मानें तो इस तरह बिना वोटिंग के इतने बड़े स्तर पर जीत मिलना असम की राजनीति में नया संकेत है। इससे भाजपा का मनोबल तो बढ़ेगा ही, साथ ही बाकी विपक्षी दलों के लिए एक चेतावनी भी है कि आम जनता का झुकाव फिलहाल किस ओर है।
कांग्रेस और अन्य दलों को बड़ा झटका
इस पंचायत चुनाव में कांग्रेस और अन्य दल मात्र 23 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाए हैं। इससे साफ है कि बीजेपी और एनडीए गठबंधन राज्य की राजनीति में पहले से मजबूत स्थिति में हैं। ऐसे में आने वाले समय में विपक्ष को अपनी रणनीति पर नए सिरे से काम करना पड़ सकता है।
सीएम का विश्वास- "अभी और बढ़ेगी NDA की जीत"
सीएम सरमा ने यह भी कहा कि जैसे-जैसे पंचायत चुनावों के परिणाम आएंगे, एनडीए की जीत की संख्या और भी अधिक हो जाएगी। उनका मानना है कि जनता ने विकास और स्थिरता को प्राथमिकता दी है और यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बन रही है।