'BJP के लिए करूंगा प्रचार अगर...' दिल्ली चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की PM को बड़ी 'चुनौती'

Edited By Parveen Kumar,Updated: 07 Oct, 2024 12:01 AM

before delhi elections arvind kejriwal s big challenge to pm

आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी रियायती सेवाओं को लोगों के लिए अपनी ‘‘छह रेवड़ियां'' बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)-शासित राज्यों में नि:शुल्क...

नेशनल डेस्क : आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी रियायती सेवाओं को लोगों के लिए अपनी ‘‘छह रेवड़ियां'' बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)-शासित राज्यों में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की चुनौती दी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने छत्रसाल स्टेडियम में अपनी दूसरी ‘जनता की अदालत' रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यदि मोदी राजग-शासित ‘‘22 राज्यों'' में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा करते हैं तो वह फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव में मोदी के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन' की राज्य सरकारों के नाकाम रहने का आरोप लगाया और हरियाणा तथा जम्मू-कश्मीर से उनके सत्ता से बाहर होने का अनुमान जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘डबल इंजन सरकारों का मतलब महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव-पूर्व सर्वेक्षण दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जल्द ही बाहर हो जाएगी।'' केजरीवाल ने अपने भाषण के दौरान ‘रेवड़ियों'' का एक पैकेट ले रखा था और उन्होंने कहा कि प्रत्येक ‘‘रेवड़ी'' उनकी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई छह सेवाओं- नि:शुल्क बिजली, पानी, महिलाओं के लिए बस यात्रा, बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा, स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा को दर्शाती है। उन्होंने घोषणा की कि ऐसे ही पैकेट जनता को बांटे जाएंगे और उन्होंने इसे ‘‘प्रसाद'' के तौर पर लेने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, ‘‘जब आप घर जाएं तो इसके साथ ‘पूजा' करें और इसे दूसरों के साथ बांटें।''

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आगाह किया, ‘‘अगर गलती से आप भाजपा के लिए वोट करते हैं तो आपके सभी छह फायदे खत्म हो जाएंगे।'' उन्होंने आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो डीटीसी, सरकारी स्कूल और अस्पतालों जैसी सेवाओं को निजी संस्थाओं को सौंप दिया जाएगा। केजरीवाल ने कहा, ‘‘मोदी जी, दिल्ली में फरवरी में चुनाव हैं। भाजपा 22 राज्यों में सत्ता में है। इन राज्यों में बिजली नि:शुल्क करिए, मैं दिल्ली चुनावों में मोदी जी के लिए प्रचार करूंगा।'' उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा सरकार नाकाम हो गयी है। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में लोग उन्हें अपने गांवों में घुसने नहीं दे रहे हैं। लोग उनका विरोध कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए 1,000 रुपये मासिक मानदेय का सातवां ‘‘मुफ्त उपहार'' होगा।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘लोग कहते हैं, मोदीजी ने 10 साल में कुछ नहीं किया।'' उन्होंने दावा किया कि वह अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के होने के बाद प्रधानमंत्री पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ‘आप' प्रमुख ने मणिपुर की स्थिति से निपटने के भाजपा-नीत केंद्र सरकार के तौर-तरीके को विनाशकारी बताया। केजरीवाल ने भाजपा के ‘डबल इंजन' मॉडल को ‘‘दोहरी लूट और दोहरा भ्रष्टाचार'' बताया। उन्होंने भाजपा पर गरीब-विरोधी होने का आरोप लगाते हुए बस मार्शल और डाटा एंट्री ऑपरेटर हटाने के साथ ही प्रदेश में होम गार्ड का वेतन रोकने का हवाला दिया। केजरीवाल ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी में कई लोगों की रोजी-रोटी छीनने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भगवान से डरिए, आपको शर्म आनी चाहिए। वह आपको दंड देगा।''

Related Story

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!