वायनाड में अभी नहीं होंगे उपचुनाव, CEC Rajeev Kumar ने बताई बड़ी वजह

Edited By Yaspal,Updated: 16 Aug, 2024 04:54 PM

by elections will not be held in wayanad now cec kumar told the big reason

चुनाव आयोग (ईसी) ने शुक्रवार को कहा कि मौसम की खराबी और प्राकृतिक आपदाओं के कारण उसने फिलहाल 46 विधानसभा सीट तथा वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की है

नई दिल्लीः चुनाव आयोग (ईसी) ने शुक्रवार को कहा कि मौसम की खराबी और प्राकृतिक आपदाओं के कारण उसने फिलहाल 46 विधानसभा सीट तथा वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की है, लेकिन स्थिति में सुधार होते ही छह महीने की निर्धारित समयसीमा के भीतर उपचुनाव करा दिए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने यह भी कहा कि इस बात की पूरी संभावना है कि ये चुनाव एक साथ कराए जाएं।

कुमार ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के विधानसभा चुनावों की घोषणा के दौरान कहा कि केरल के वायनाड में भूस्खलन की हालिया घटना के कारण तत्काल हालात ऐसे नहीं हैं कि वहां लोकसभा चुनाव कराए जाएं। वायनाड में भूस्खलन के कारण 200 से अधिक लोगों की मौत हुई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संसदीय चुनाव में रायबरेली और वायनाड दोनों सीट से निर्वाचित हुए थे। उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी जिस वजह से वहां उपचुनाव होना है। कांग्रेस की ओर से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा वहां से उम्मीदवार होंगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा, ‘‘कुल 47 सीट पर उपचुनाव होने हैं। इनमें विधानसभा की 46 सीट हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘कुछ राज्यों में मौसम के हालत ऐसे हैं कि वहां उपचुनाव नहीं हो सकते...जहां (वायनाड) लोकसभा उपचुनाव होना है वहां बड़ी आपदा आई है और तत्काल उपचुनाव नहीं हो सकता। असम और बिहार जैसे कुछ राज्यों में भी बाढ़ की स्थिति है।'' कुमार ने कहा, ‘‘हम सभी जगहों पर चुनाव छह महीने की अवधि के भीतर कराएंगे। पूरी संभावना है कि एक साथ उपचुनाव कराएं।'' देश में जिन 46 विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होना है उनमें 10 सीट उत्तर प्रदेश से हैं। असम में पांच और बिहार में चार विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं।

 

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!