Edited By Anu Malhotra,Updated: 21 Mar, 2025 02:38 PM

चीन में जन्म दर और विवाह दर में गिरावट अब गंभीर चिंता का विषय बन गई है। महंगाई, करियर प्राथमिकता और सामाजिक बदलावों के कारण युवा शादी और परिवार बसाने से बच रहे हैं। इस गिरावट का सीधा असर देश की जनसंख्या पर पड़ रहा है। 2024 में चीन में सिर्फ 61 लाख...
नेशनल डेस्क: चीन में जन्म दर और विवाह दर में गिरावट अब गंभीर चिंता का विषय बन गई है। महंगाई, करियर प्राथमिकता और सामाजिक बदलावों के कारण युवा शादी और परिवार बसाने से बच रहे हैं। इस गिरावट का सीधा असर देश की जनसंख्या पर पड़ रहा है। 2024 में चीन में सिर्फ 61 लाख marriage registered हुए, जबकि 2023 में यह संख्या 77 लाख थी। वहीं, 2024 में चीन में केवल 95.4 लाख बच्चों का जन्म हुआ, जो बीते वर्षों की तुलना में बड़ी गिरावट को दर्शाता है। इस समस्या को और जटिल बना रहा है चीन में बिगड़ता लिंग अनुपात, जिससे विवाह योग्य महिलाओं की भारी कमी हो रही है। ऐसे में कई पुरुष दुल्हन खरीदने के लिए तस्करी का सहारा ले रहे हैं, जिससे महिलाओं की खरीद-फरोख्त एक संगठित अपराध का रूप ले चुकी है।
चीन में महिलाओं की खरीद-फरोख्त बढ़ी
चीन में महिलाओं का विवाह से दूर रहना और बच्चों को जन्म न देना समाज में नई चुनौतियां खड़ी कर रहा है। कई इलाकों में विवाह योग्य महिलाओं की कमी के कारण पुरुष शादी के लिए महिलाओं को खरीदने पर मजबूर हो रहे हैं। यह समस्या ग्रामीण इलाकों में अधिक गंभीर है, जहां शादी के लिए महिलाएं आसानी से नहीं मिल रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन में शादी के लिए महिलाओं को खरीदने के लिए 2 लाख से 11 लाख रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं। यह व्यापार मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया के गरीब देशों जैसे म्यांमार, वियतनाम और अन्य पड़ोसी देशों से संचालित हो रहा है, जहां गरीबी और बेरोजगारी के कारण कई महिलाएं इस अवैध धंधे का शिकार बन रही हैं।
चीन सरकार की कार्रवाई बेअसर?
हालांकि, चीन की सरकार इस समस्या से निपटने के लिए सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के जरिए सख्त कार्रवाई कर रही है, लेकिन यह समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही। अवैध विवाह एजेंसियां और बिचौलिए अभी भी सक्रिय हैं, जो महिलाओं की तस्करी कर उन्हें चीन में अवैध शादियों के लिए बेच रहे हैं।
भविष्य में क्या होगा?
चीन में घटती जनसंख्या और विवाह दर से जुड़े ये गंभीर मुद्दे देश की आर्थिक और सामाजिक संरचना को प्रभावित कर सकते हैं। यदि यह प्रवृत्ति जारी रही, तो जनसंख्या असंतुलन, श्रमशक्ति की कमी, और आर्थिक विकास में बाधा जैसी समस्याएं चीन के सामने आ सकती हैं। वहीं, तस्करी के कारण महिलाओं के मौलिक अधिकारों का हनन और अपराध दर में वृद्धि भी एक बड़ा संकट बन सकता है।