Weather Update : दिल्ली-एनसीआर में छाएंगे बादल, तेज बारिश और ओले गिरने का अलर्ट, जानिए पूरे देश के मौसम का अपडेट

Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 24 Feb, 2025 01:04 PM

clouds will cover delhi ncr alert for heavy rain and hailstorm

देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है और बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी दिनों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम भारत में 25 फरवरी से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिससे कई इलाकों में...

नेशनल डेस्क : देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है और बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी दिनों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम भारत में 25 फरवरी से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवातीय हलचल तेज होने से पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भीषण बारिश हो सकती है। आइए जानते हैं, किन राज्यों में क्या रहेगा मौसम का हाल।

उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

IMD के अनुसार, उत्तरी ईरान और उसके आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जो पश्चिमी विक्षोभ को प्रभावित कर रहा है। इसकी वजह से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अधिक नमी बनी रहेगी और 25-28 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज गरज के साथ भारी बारिश और बर्फबारी होगी। हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 फरवरी तक और उत्तराखंड में 27-28 फरवरी को मूसलाधार बारिश होगी।

इन राज्यों में होगी भारी बारिश

आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 26 फरवरी से 1 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 27 फरवरी से 1 मार्च तक बारिश होगी। पश्चिमी राजस्थान में 27-28 फरवरी और पूर्वी राजस्थान में 28 फरवरी-1 मार्च के बीच तेज बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम का असर दिखेगा। बीते 24 घंटे में राजधानी का अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 25-26 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्की धुंध और बादलों की संभावना है, जबकि दोपहर में हल्की धूप निकल सकती है। हवा की गति दिन में 12-14 किमी प्रति घंटे रहेगी और रात में घटकर 6 किमी प्रति घंटे रह जाएगी।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय हलचल तेज

आईएमडी ने बताया कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवातीय हलचल तेज हो रही है। इसके कारण बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 फरवरी को 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तेज बारिश होगी। 24 फरवरी को भी इन राज्यों में बारिश जारी रहेगी। ओडिशा, असम और मेघालय में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में 23-24 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश होगी।

कैसा रहेगा मध्य और दक्षिण भारत का मौसम?

मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा। वहीं, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटों में तापमान में 1 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मध्य प्रदेश और पश्चिमी यूपी में तापमान में 1-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 24 से 26 फरवरी तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।

कब तक जारी रहेगा मौसम का यह मिजाज?

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की वृद्धि होगी। मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा।

Related Story

Trending Topics

IPL
Kolkata Knight Riders

174/8

20.0

Royal Challengers Bangalore

177/3

16.2

Royal Challengers Bengaluru win by 7 wickets

RR 8.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!