दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता काबिज करने के लिए केजरीवाल सरकार की पोल जनता के सामने खोलने में जुटी है। पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब की आप सरकार और दिल्ली की केजरीवाल सरकार को जमकर घेरा।
Delhi Assembly Election 2025 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी (Nayab Saini ) से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए देवेंद्र रुहल ने की खास बातचीत।
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...
हरियाणा विधानसभा चुनाव में फतेह हासिल करने के बाद हरियाणा भाजपा अब दिल्ली चुनाव में जुटी है। हरियाणा की तरफ से भाजपा के स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी अपने कार्यकाल के दौरान किए कामों की उपलब्धियां गिनवाकर जनता के बीच वोट मांग रही है तो भारतीय जनता पार्टी के नेता आप सरकार को विफल सरकार बता रहे हैं और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगा रहे हैं। इस बार दिल्ली चुनाव में यमुना नदी का पानी बहुत बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
सवाल- दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को कहां देखते हैं?
जबाव- कांग्रेस तो कहीं दिखाई नहीं दे रही है। कांग्रेस ने अपना बोरिया-बिस्तर गोल कर लिया है। कांग्रेस राष्ट्रपति को गाली देने में मशगूल है, उपराष्ट्रपति को गलत बोलती है। कांग्रेस लोकसभा के अध्यक्ष, लोकतंत्र, संविधान, कोर्ट का अपमान करती है। वह प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं। उसी में लगे हुए हैं। कांग्रेस की नीति नीयत और नेतृत्व कहीं नहीं है।
सवाल- हरियाणा में कांग्रेस अब तक विधायक दल का नेता नहीं चुन पाई है, क्या कहेंगे?
जबाव- कोई जल्दी नहीं है कांग्रेस को, बना लेंगे नेता विपक्ष। अभी समय नहीं मिला होगा, राहुल गांधी विदेश जाने-आने में व्यस्त रहते हैं। घूम करके आएंगे। फिर देखेंगे। बना देंगे, कोई जल्दी नहीं है कांग्रेस के लिए।
सवाल- दिल्ली चुनाव में भाजपा को कहां देखते हैं, कितनी सीटें जीतेंगे?
जबाव- दिल्ली में केजरीवाल तो साफ हो रहे हैं। कांग्रेस उठ ही नहीं पाई। ऐसा लगता है कि 2-4 सीटों पर केजरीवाल व कांग्रेस का समझौता है।
सवाल- आप दिल्ली में जनसभाएं कर रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्र में जा रहे हैं। विकास की क्या स्थिति है?
जबाव- मैं तिमारपुर गया, वहां जनसभा थी। मैं जी.टी. रोड से उतरकर जनसभा स्थल तक गया, आधा घंटा लगा जाने में। मंच पर भी लोगों से चर्चा की कि केजरीवाल तो दिल्ली को पेरिस बनाने की बात कर रहे थे, यह क्या हालात हैं? बरसात अगर हो जाए तो आना-जाना मुश्किल हो जाता है। नाले, सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे हैं, सड़कों पर गंदा पानी है। पीने का पानी नहीं है।
सवाल- आम आदमी पार्टी का दावा है कि उनकी सरकार ने दिल्ली में विकास कार्य बड़े स्तर पर किए हैं?
जबाव- केजरीवाल ने लोगों को लगातार झूठे लॉलीपॉप दिए, झूठे सब्जबाग दिखाकर राजनीतिक सिद्धि की है। लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा। मिलता है तो गंदा मिलता है। नाले ब्लॉक हैं, सीवरेज ओवरफ्लो हैं। यह हालात केजरीवाल ने 10 वर्षों में किए हैं। आज दिल्ली के लोग इन वजहों से आहत हैं और आपदा सरकार से छुटकारा पाना चाहते हैं। आपदा सरकार जा रही है, भारतीय जनता पार्टी बहुमत के साथ आ रही है। पी.एम. मोदी ने जो कहा है, उसे दिल्ली में पूरा किया है। उन्होंने कहा था-जहां झुग्गी, वहां मकान। मुझे गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मकान बनाकर साढ़े 3 हजार लोगों को चाबी सौंपी हैं। आगे भी भाजपा ने जो संकल्प लिया है, जो बातें कही हैं, उसे पूरा करेगी। केजरीवाल तो दिल्ली के लोगों को स्वच्छ जल नहीं दे पाए लेकिन 8 फरवरी को चुनाव जीतने के बाद हर माता-बहन की रसोई में स्वच्छ व पर्याप्त जल पहुंचाने का काम हमारी सरकार करेगी।
सवाल- आप दोबारा यमुना तट पर क्यों गए?
जबाव- मुझे दोबारा यमुना नदी के तट पर जाना पड़ा। वहां से पानी की बोतल लाया हूं। मैं केजरीवाल को चैलेंज देता हूं कि आप मेरे साथ चलें, मैं पल्ला गांव में यमुना का पानी भी पीऊंगा, वहां नहाऊंगा भी। लेकिन जहां आपने खड़े होकर कहा कि मैं यमुना को साफ करूंगा, आपको वहां जाकर पानी पीना पड़ेगा, वहां नहाना भी पड़ेगा, मेरे साथ चलिए।
सवाल- आपने यमुना का पानी पीया, उसके बाद आप स्वस्थ हैं?
जबाव- बिल्कुल, मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। 4 दिन हो गए, पानी पीया था व देख लो मैं तो बिल्कुल स्वस्थ हूं। एक टी.वी. चैनल पर मैं देख रहा था कि आप प्रवक्ता द्वारा डिबेट में कहा जा रहा था कि मैंने पानी नहीं पीया। अगर मुख्यमंत्री ने यमुना से पानी पीया है, तो पेट खराब हो जाएगा। मैं तो बिल्कुल स्वस्थ हूं। मैं एक जनसभा में गया और वहां यह बात सुनाई कि मेरा तो पेट खराब नहीं हुआ, 8 फरवरी को केजरीवाल का पेट जरूर खराब होगा। वह जेल जाएंगे, अब झूठ नहीं चलेगा।
केजरीवाल ने यह भी कहा था कि मैं दिल्ली के गरीब बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर बनाऊंगा, इसकी वीडियो हैं पुरानी, लेकिन वह न डॉक्टर बना पाए, न इंजीनियर। 10 साल में युवाओं को नशे में लाकर खड़ा कर दिया। गली-गली में ठेके खोल दिए। मैंने तो केजरीवाल ऐसे पहले मुख्यमंत्री देखे, जिसने महिलाओं के लिए भी अलग से ठेके खोल दिए। इसमें भी मोटे कमीशन का आरोप लगा है। कांग्रेस राज में तो कोई भी कहीं से कुछ कर लेता था, कमीशन ले लेता था, घोटाला कर लेता था, कोई पूछने वाला नहीं था।
सवाल- अब तो मोदी सरकार है। मोदी सरकार तो लगातार देख रही है कि कौन, क्या कर रहा है?
जबाव- केजरीवाल को अपनी गलत नीतियों के कारण तिहाड़ जेल जाना पड़ा है। दिल्ली के लोग गंदा पानी पी रहे हैं, लेकिन अपने शीश महल के आगे 15 करोड़ का एस.टी.पी. लगा दिया। केजरीवाल ने एक प्रैस कांफ्रैंस की, जिसमें पानी भरी 4 बोतल लेकर आए और कहा कि एक बोतल नायब सैनी को दूंगा, एक अमित शाह को दूंगा, एक दिल्ली भाजपा अध्यक्ष को दूंगा और एक राहुल गांधी को दूंगा। तो मैंने कहा राहुल गांधी को क्यों दे रहे हो, आप दोनों का तो एक ही थाली में खाना है, घर बुलाकर दे दो।
सवाल- आप शिक्षा व्यवस्था व मोहल्ला क्लीनिक की बड़ी तारीफ करती है, पंजाब में भी इसे लागू किया। आपने दिल्ली में देखा होगा। क्या स्थिति नजर आई?
जबाव- मैं कल गया था। एक कोने पर मोहल्ला क्लीनिक था तो मैंने गाड़ी रुकवाई। मैंने वहां जाकर देखा तो ताला लगा था। तो फिर वह मोहल्ला क्लीनिक किस काम का? अगर किसी व्यक्ति को इमरजैंसी में दवाई लेनी पड़ जाए तो वह कैसे लेगा? यह तो कल रात की ही बात है। केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं लेने दिया। जो पी.एम. मोदी ने 5 लाख रुपए तक के उपचार का अधिकार दिया, उससे दिल्ली के लोगों को वंचित रखा। मैंने एक दिन जनसभा में लोगों से पूछा कि आपको आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ मिल रहा है क्या? हम हरियाणा में आयुष्मान कार्ड का लाभ लोगों को दे रहे हैं। अगर कोई बीमारी आ जाती है तो गरीब व्यक्ति को चिंता की जरूरत नहीं है। क्या दिल्ली में यह सुविधा मिल रही है? लोगों ने कहा कि नहीं मिल रही है। फिर मैंने मंच से ही कहा कि अरविंद केजरीवाल, आप आम आदमी हैं, अगर आपको अपना आयुष्मान कार्ड बनवाना है तो हरियाणा में आ जाओ, मैं आपका आयुष्मान कार्ड बनवाकर दूंगा।
सवाल- इस बार चुनाव में यमुना नदी के पानी का मुद्दा काफी चर्चा में रहा, पानी में जहर मिलाने के आरोप भी लगे?
जबाव- यमुना के तट पर खड़े होकर केजरीवाल ने कहा था कि मुझे वोट दो, मैं यमुना को साफ करूंगा, स्वच्छ करूंगा लेकिन पहले कार्यकाल में नहीं कर पाए। फिर दिल्ली के लोगों के पास गए और फिर 5 साल मांगे। लोगों ने विश्वास करके फिर 5 साल दे दिए। केजरीवाल ने यह भी कहा था कि साल 2025 में वोट मांगने नहीं आऊंगा। आज पता नहीं कैसे वोट मांगने जा रहे हैं। अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए हरियाणा पर आरोप लगा दिया। यमुना के पानी में जहर की बात पता नहीं क्या सोचकर उन्होंने कही। बाद में कहा कि उन्होंने दिल्ली वालों को बचा लिया। ऐसा लगता है कि ‘उनके इंजीनियर आए और उन्होंने उनसे कहा कि पानी में जहर आ गया है। उन्होंने तुरंत आदेश दिए कि यमुना में दीवार बना दी जाए। 2 घंटे में दीवार बना दी गई और पानी रोक दिया।’ इसके बाद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में नरसंहार होने वाला था, वो उन्होंने बचा लिया। बाद में न उस दीवार का पता लग रहा, न जहर वाले पानी का पता लग रहा। झूठा प्रोपेगेंडा और कहानियां सुनाकर भय पैदा कर वोट लेने का काम केजरीवाल करते हैं। अब लोग उनको समझ चुके हैं।
सवाल- पिछले दिनों यमुना तट पर जाने व वहां का पानी पीने की जरूरत क्यों पड़ी?
जबाव- मुझे इस बात की चिंता हो गई कि आरोप हरियाणा पर लगाया है, कहीं लोग पानी पीना बंद न कर दें। पानी से ही जीवन है, कहीं यह जीवन न चला जाए। केजरीवाल को दिल्ली और हरियाणा की जनता से माफी मांगनी चाहिए। जिसका जन्म हरियाणा की भूमि पर हुआ है, उसे ही कलंकित करने का काम किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण
है। मैं पल्ला गांव में गया, केजरीवाल को तो उस गांव का भी नहीं पता। मैंने देखा कैबिनेट के साथ बैठे थे और उनसे पूछ रहे थे कि यह कौन-सा गांव है। अगर केजरीवाल को नहीं पता तो मुझे मालूम है क्योंकि हरियाणा से जो स्वच्छ जल यमुना नदी से आता है, वह पल्ला गांव में आता है, हम दिल्ली को देते हैं। मैं वहां गया, पहले मां यमुना को प्रणाम किया, फिर आचमन किया, पानी पीया। स्वार्थ की राजनीति चमकाने के लिए उन्होंने मेरे पानी पीने के दौरान की वीडियो क्रॉप कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की। इससे काम नहीं चलेगा, काम करने से होगा।