Edited By Deepender Thakur,Updated: 03 Feb, 2025 04:17 PM
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता काबिज करने के लिए केजरीवाल सरकार की पोल जनता के सामने खोलने में जुटी है। पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब की आप सरकार और दिल्ली की केजरीवाल सरकार को जमकर घेरा।
Delhi Assembly Election 2025 : दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए अकु श्रीवास्तव ने की खास बातचीत।
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...
सवाल- दिल्ली और विधानसभा चुनाव में आप किस तरह की स्थिति बनते देख रहे हैं?
जबाव- अब जब विशेषज्ञों के अनुमान गलत हो रहे हैं तो सोच-समझकर बोलना पड़ता है। दो चीजें मैंने देखी हैं। 2012 के बाद फिर से अब अरविंद केजरीवाल के सिर पर टोपी देख रहा हूं, जो नदारद थी। उनका सिंहासन डोल रहा है। आई.एन.डी.आई.ए. का ताना-बाना बिखर रहा है। राहुल गांधी खुलकर सामने आ चुके हैं। मैं समझता हूं धीरे-धीरे सबकी आंखें खुलेंगी। आज सभी कह रहे हैं कि हजार देंगे, दो हजार देंगे, यह नहीं होना चाहिए। भाजपा के प्रति लोगों में विश्वास मजबूत हो गया है।
सवाल- दिल्ली के राजनीतिक माहौल को लेकर क्या नजरिया है?
जबाव- दिल्ली में गरीब वर्ग ठगा महसूस कर रहा है। दिल्ली के गरीब वोटर्स को मुफ्त 1000 व 1500 की बिजली देकर उनसे मकान छीन लिया गया है। झुग्गीवासी आज समझ रहे हैं कि जो पक्के मकान उन्हें मिलने चाहिए थे वे आज मुफ्त बिजली पानी के चक्कर में उन्हें नहीं मिले। बीजेपी के राज्यों में मकान मिल रहे हैं। केजरीवाल ने अपने आपको बेचारा साबित करने के लिए उपराज्यपाल से टकराव की स्थिति पैदा कर अपनी कमजोरी ढकने की कोशिश की है। यही काम आपसी समन्वय से हो सकता था। आज गरीब और गरीब हो गया है। उनके घरों में सीवर का पानी घुस रहा है। आज दिल्ली का मिडिल क्लास व्यक्ति केजरीवाल की असलियत जान चुका है। दिल्ली की सड़कों की हालत क्या थी और अब क्या है, सबको पता है। वे देखते हैं कि पहले फुटपाथ तो था, लेकिन अब फुटपाथ पर भी झुग्गियां बस गई हैं। अब लोग समझ गए हैं कि हजार-दो हजार देखकर उनके मकान छीन लिए गए।
सवाल- केजरीवाल तो यह मान रहे हैं कि उनकी बिजली-पानी वाली योजना सफल है। महिलाओं को फ्री परिवहन वाली व्यवस्था बहुत सफल मानी जा रही है। वे उनका पक्का वोट बैंक हैं तो वे लोग भाजपा को क्यों वोट करेंगे?
जबाव- यह सारी बातें पंजाब में भी की थीं, लेकिन पंजाब में जो स्थिति है, वह सभी को पता है। वादे करने से पहले उनको पूरा करने का प्लान होना जरूरी है। नहीं तो बाद में जनता खुद को ठगा महसूस करती है।
सवाल- आज बीजेपी भी महिलाओं को 2500 रुपए देने की बात कह रही है?
जबाव- मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन अब राजनीति ही ऐसी चल पड़ी है कि सबको इसी ट्रेंड पर चलना पड़ रहा है।
सवाल- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति अब क्या है?
जबाव- पंजाब की कई मूलभूत समस्याएं हैं। मैं समझता हूं पंजाब की बात बिना किसानों के करना वाजिब नहीं है। पंजाब के पास ले-देकर एग्रीकल्चर ही है और इकोनॉमी का यही सहारा है। पंजाब का और पंजाब के किसानों को एक मदद की जरूरत है। भाजपा इन सभी बातों पर ध्यान देकर काम कर रही है।
सवाल- बतौर भाजपा अध्यक्ष आपकी रणनीति क्या है और राज्य सरकार से क्या अपेक्षाएं हैं?
जबाव- आज के दौर में एग्रीकल्चर को आधुनिक बनाना होगा। हमारे पास पानी नहीं है। इस पर काम करने की जरूरत है। सरकार के स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि पंजाब के किसानों की अच्छी आमदनी हो। पंजाब के किसानों को एमएसपी की गारंटी तो है लेकिन किसान इनकम की मांग कर रहा है, उसे पूरा किया जाए। दूसरा बेरोजगारी दूर करने के उपाय किए जाएं। पंजाब के बच्चों को कनाडा जाने से रोकना चाहते हैं तो उनको यहां पर अच्छा रोजगार दें। भाजपा बहुत कुछ कर रही है। आज करतार साहिब कॉरिडोर खुला है। पूर्व में डॉ. मनमोहन सिंह के समय बातें होती रहीं, लेकिन कुछ नहीं हो पाया। लेकिन नरेंद्र मोदी ने आते ही करतार साहिब लोगों के लिए खुलवा दिया। पंजाब के लोगों के मन में भाजपा के प्रति विश्वास और भी मजबूत करने के लिए हम हर स्तर पर काम कर रहे हैं।
सवाल- भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पंजाब के लोगों के साथ संवाद को प्रभावी किस तरह से बनाया जाएगा?
जबाव- भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है। राष्ट्रीय पार्टी के नजरिए से देखें और हम पंजाब के लोगों के हित का ध्यान रखेंगे तो उनका नजरिया जरूर बदलेगा। पंजाब के प्रति नजरिया बदलिए, नजारे बदल जाएंगे। हमें मिलजुलकर काम करना होगा। ताकि पंजाब का विकास हो और वहां के लोग तरक्की कर सकें।
सरकार के स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि पंजाब के किसानों की अच्छी आमदनी हो। पंजाब के किसानों को एमएसपी की गारंटी तो है लेकिन किसान इनकम की मांग कर रहा है, उसे पूरा किया जाए।