Swati Maliwal Interview: मूलभूत मुद्दों पर मतदान करेगी दिल्ली की जनता

Edited By Deepender Thakur,Updated: 30 Jan, 2025 11:29 AM

delhi assembly elections rajya sabha mp swati maliwal exclusive interview

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही सियासी दलों ने प्रचार में जान फूंक दी है। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने नवोदय टाइम्स को दिए साक्षात्कार में अरविंद केजरीवाल की नाकामियों का खुलासा किया। जनता से सोच समझकर वोट करने की...

Delhi Assembly Election 2025 :  आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal)  से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए आशुतोष त्रिपाठी ने की विशेष बातचीत। 
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...

 

सवाल-  राज्यसभा सदस्य के रूप में आप दिल्ली में काफी सक्रिय नजर आ रही हैं। विभिन्न मुद्दों को उठा रही हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका को किस तरह से देख रही हैं?

जबाव-  मैं सीधे-सीधे दिल्ली के लिए काम कर रही हूं। आज दिल्ली के जो हालात हैं वह पिछले 20 साल में नहीं देखे गए। जहां भी जा रहे हैं सड़कें टूटी पड़ी हैं, नालियां ओवरफ्लो हैं, जगह-जगह कूड़े के छोटे-बड़े पहाड़ बन गए हैं। घरों में पीने का पानी गंदा व बदबूदार आ रहा है। द्वारका के घरों में काला पानी आ रहा है। मैं भलस्वा गई, वहां के घरों में जहरीला झाग वाला पानी नल से आ रहा है। वह पानी ऐसा आ रहा है जिसे पीना तो दूर कोई उसे छू भी ले तो बीमार पड़ जाए। मैं दिल्ली के मूलभूत मुद्दे उठा रही हूं।

सवाल-  दिल्ली में करीब 11 साल से आम आदमी पार्टी की सरकार चल रही है। इसके पहले 15 साल तक कांग्रेस की सरकार थी। 26 साल की बात करें तो आपको क्या परिवर्तन दिखाई देता है और दिल्ली की स्थिति कैसी है?

जबाव-  आज आप कहीं भी चले जाएं, दिल्ली के लोग यही कह रहे हैं कि इन्फ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से ठप हो गया है। मैं संगम विहार गई, वहां सड़कें इतनी खराब हैं कि बिना पैर गंदे पानी में डाले निकला ही नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि मैं सिटी ऑफ लेक्स बना दूंगा। उन्होंने सच में दिल्ली को सिटी ऑफ लेक्स बना दिया है। हर तरफ कहीं पर लेक है या फिर स्वीमिंग पूल है। मैं पंखा रोड गई, वहां मैंने देखा कि पूरी सड़क पर कूड़ा ही कूड़ा पड़ा है। एक साल से कूड़ा पड़ा है। मैंने यह मुद्दा उठाया तो रातोंरात जेसीबी मशीन लगाई गई और पूरा का पूरा कूड़ा साफ किया गया। सवाल यह है कि एक सांसद को सड़क पर उतरना पड़ेगा तब जाकर सरकार काम करेगी। मैं 2006 से दिल्ली की जमीन पर काम कर रही हूं, ऐसे हालात मैंने कभी नहीं देखे।

सवाल-  आम आदमी पार्टी की सरकार का दावा है कि उन्होंने विकास, स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में बड़े-बड़े काम किए हैं?

जबाव-  मैं ऐसा मानती हूं कि एक ही झूठ को बार-बार बोला जाए तो वह जनता की नजर में सच हो जाता है। आज जो सरकार चल रही है वह सीधे-सीधे प्रचार, प्रेस कॉन्फ्रेंस की सरकार है। मुख्यमंत्री वन व 2 हर दिन बाहर निकलते हैं और अपने एसी कमरे से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। इन्हें समझ नहीं आ रहा है कि लोगों के क्या हालात हैं। यह कहते हैं कि दिल्ली को लंदन व पेरिस बना देंगे, लेकिन हकीकत सब जानते हैं। आज के हालात को जल्द ही ठीक नहीं किया गया तो दिल्ली के हालात साउथ सुडान जैसे हो जाएंगे।

एजुकेशन मॉडल की बात करें तो आप का दावा है कि 10वीं और 12वीं में बहुत अच्छा रिजल्ट आ रहा है। असल में रिजल्ट अच्छा इसलिए है क्योंकि 9वीं व 11वीं के एक लाख बच्चों को फेल कर दिया जा रहा है। अच्छे बच्चे ही दसवीं और बारहवीं में भेजे जा रहे हैं। ऐसे में परिणाम तो अच्छे होंगे ही। लेकिन, फेल बच्चों को ओपन से स्कूलिंग करनी पड़ती है। इस तरह से एक बहुत बड़ी संख्या है बच्चों की जिसको मेन स्कूलिंग से अलग कर दिया है। इनमें बहुत सारे बच्चे पढ़ाई छोड़ भी देते हैं। हेल्थ की बात करें तो मैं जीबी पंत अस्पताल में रात के तीन बजे पहुंची। मैं देखकर हैरान रह गई कि वहां ढाई हजार लोगों की लाइन लगी थी। लोग पूरा दिन डॉक्टर के लिए लाइन में लगते हैं फिर दवाइयों की लाइन में लगना पड़ता है। महंगी दवाएं तो मिलती ही नहीं हैं। मात्र दो एमआरआई मशीन है। ऑपरेशन की तारीख डेढ़ साल बाद की मिल रही है।

सवाल-  दिल्ली में आम आदमी पार्टी महिला सम्मान राशि योजना के तहत 2100 रुपए देने का वादा कर रही है, इस पर क्या कहेंगी?

जबाव- महिला सम्मान राशि योजना अच्छी योजना है। लेकिन, 1000 रुपए प्रतिमाह हर महिला को देने का बजट तय था तो दिया क्यों नहीं। 2100 देने हैं तो उसे भी लागू करके देना शुरू करना चाहिए था। पंजाब में भी वादा किया था, दिया नहीं। पंजाब में आचार संहिता लागू नहीं है। वहां इसे लागू करके दिखाना चाहिए।

​​​​​​​सवाल-  महिलाओं को टिकट बहुत कम दी गई है, इस पर क्या कहेंगी?

जबाव- जब तक देशभर में महिला आरक्षण बिल लागू नहीं होगा, कोई बदलाव नहीं हो सकता है। मैं इंतजार कर रही हूं उस दिन का, जब संसद में पास हुआ ऐतिहासिक बिल लागू होगा।

​​​​​​​सवाल-  चुनाव में क्या स्थिति लग रही आपको क्योंकि मतदान में बहुत कम दिन बचे हैं?

जबाव- इस बार दिल्ली का चुनाव मूलभूत मुद्दे पर लड़ा जा रहा है। लोग गंदे पानी, कूड़े, नालियों व अन्य समस्याओं से त्रस्त हैं। जो भी पार्टी के लोग जा रहे हैं, जनता उनसे सवाल कर रही है। उपरोक्त सुविधाएं कब दोगे। लोगों की मांग ही यही है। यमुना पार के लोगों में टीस है। यमुना का जो हाल है उससे महिलाएं छठ पूजा तक ठीक से नहीं मना सकीं। यमुना में नाले का पानी बिना ट्रीटमेंट के छोड़ा जा रहा है। 230 एमजीडी सीवेज सीधे यमुना में जा रहा है। यमुना की सफाई पर सात हजार करोड़ खर्च हो गए, मगर यमुना साफ नहीं हुई। पैसे गायब हो गए। आज दिल्ली में जो उपरोक्त चुनावी मुद्दे हैं वह सही हैं और जो पार्टी इस मुद्दे पर खरी उतरेगी, जनता उसी को वोट देगी।

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bangalore

Gujarat Titans

Teams will be announced at the toss

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!