Edited By Deepender Thakur,Updated: 01 Feb, 2025 12:29 PM
दिल्ली कृष्णा नगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल गोयल से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए पंकज वशिष्ठ और आदर्श ने विशेष बातचीत की।
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...
Delhi Assembly Election 2025 : दिल्ली कृष्णा नगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल गोयल (Dr. Anil Goyal) से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए पंकज वशिष्ठ और आदर्श ने विशेष बातचीत की।
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...
सवाल- कृष्णा नगर क्षेत्र के विकास के लिए आपने क्या योजनाएं बना रखी हैं?
जवाब- कृष्णा नगर विधानसभा में बीते 10 साल में आम आदमी पार्टी के विधायक ने एक भी विकास कार्य नहीं किया। भाजपा की सरकार आने पर कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों, सीवर लाइन का निर्माण कराना, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, क्षेत्र को जलभराव से निजात दिलाना, बुजुर्गों को पेंशन, मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल है। सुविधाओं से परिपूर्ण सरकारी अस्पतालों का निर्माण और गुणवत्ता युक्त सरकारी विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। जन औषधि केंद्रों की संख्या में वृद्धि की जाएगी।
सवाल- आप पहले भी कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं। क्षेत्र को किस प्रकार के विकास कार्यों की जरूरत है।
जवाब- कृष्णा नगर विधानसभा में आम आदमी पार्टी ने एक भी विकास कार्य नहीं किया। गरीबों व मध्यमवर्ग के लिए कोई कल्याणकारी योजना नहीं लाई गई। बुजुर्गों व विधवाओं को पेंशन नहीं मिल रही है। पिछले दस सालों में आप विधायक ने केवल अपने निजी हितों को साधा है।
सवाल- इन दिनों आम आदमी पार्टी भी हिंदुत्व की बात कर रही है। इस विषय में आपका क्या कहना है।
जवाब- आप पार्टी चुनाव के दिनों में हिंदू बन जाती है। उनकी विचारधारा दिल्ली व क्षेत्र की जनता से छिपी नहीं है। जहां तक भाजपा की बात करें तो वह एक आदर्श विचारधारा वाली पार्टी है। भाजपा राम मंदिर के लिए अडिग रही व श्रीराम मंदिर बनवाने के लिए कुर्बानियां दीं।
सवाल- जलभराव से काफी दिक्कत होती है, साथ ही सीवर भी ओवरफ्लो होते हैं?
जवाब- कृष्णा नगर विधानसभा में बदहाल पार्काें को संवारा जाएगा, दिल्ली जल बोर्ड की नई सीवर लाइनें डलवाई जाएंगी। जलभराव न हो इस पर ध्यान दिया जाएगा, जर्जर हो चुकी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। सड़कों और गलियों में बिजली, इंटरनेट सहित अन्य एजेंसी के तारों के जाल को भूमिगत कराया जाएगा। बुजुर्गों और विधवाओं की जो पेंशन बंद हुई है उसे बहाल कराया जाएगा और इसकी राशि में भी बढ़ोतरी कराएंगे। गरीब तथा मध्यम आय वर्ग के परिवारों को केंद्र सरकार की योजना के तहत निशुल्क राशन उपलब्ध कराएंगे।
सवाल- क्या वजह है कि पांच साल बाद भी कृष्णा नगर विधानसभा में सड़कें टूटी हुई हैं, सीवर जाम हैं, सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ और लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
जवाब- आप पार्टी की काम करने की ना नियत है और ना ही वह विकास कार्य करना चाहते हैं। आप के पास केवल दिल्ली के एलजी व केंद्र सरकार पर आरोप लगाने के अलावा और कोई नीति नहीं है। आप के मुखिया ने अपने शीशमहल के लिए और शराब घोटाले के लिए ही नीतियां बनाईं।
सवाल- आम आदमी पार्टी के विधायक, पार्षद व पदाधिकारियों के भाजपा में शामिल होने को लेकर आप क्या कहेंगे।
जवाब- आप पार्टी की खुद की कुनीतियों की वजह से उसके पदाधिकारी, कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर भाजपा की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं में पार्टी की नीतियों को लेकर पूरी तरह से असंतोष है। कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। भाजपा व मुझे क्षेत्र की जनता का प्यार और स्नेह मिल रहा है। इस विधानसभा में निश्चित रूप से भाजपा की विजय होगी।