Edited By Anu Malhotra,Updated: 03 Feb, 2025 07:56 AM
दिल्ली-एनसीआर में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान में गिरावट होगी, और ठंडी हवाएं चलेंगी। दिन में धूप का असर कम रहेगा, जबकि शाम से मौसम खराब होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय...
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान में गिरावट होगी, और ठंडी हवाएं चलेंगी। दिन में धूप का असर कम रहेगा, जबकि शाम से मौसम खराब होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आज शाम और रात में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस बदलाव से ठंड और बढ़ेगी।
बारिश और तापमान का हाल
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो बीते दिनों 26-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13-14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
- 4-5 फरवरी: बारिश का अनुमान, खासकर रात और सुबह के समय।
- 6 फरवरी: बादल छाए रह सकते हैं।
- 7 फरवरी: मौसम साफ रहेगा।
- 8 फरवरी: एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर पर पड़ेगा या नहीं, इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।
- 10 फरवरी तक: मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, उसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है।
फिलहाल, दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम और रात के समय घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हल्की ठंड और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।