Edited By Rohini Oberoi,Updated: 09 Apr, 2025 04:25 PM
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक दिलचस्प मामला सामने आया है जिसमें एक पत्नी ने अपने पति से अलग होकर अपने प्रेमी से शादी कर ली। पूरा मामला कायमगंज के कम्पिल थाना क्षेत्र का है जहां एक महिला ने पति से विवाद के बाद मायके में रहकर अपने प्रेमी के...
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक दिलचस्प मामला सामने आया है जिसमें एक पत्नी ने अपने पति से अलग होकर अपने प्रेमी से शादी कर ली। पूरा मामला कायमगंज के कम्पिल थाना क्षेत्र का है जहां एक महिला ने पति से विवाद के बाद मायके में रहकर अपने प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया।
अनबन के बाद मायके चली गई पत्नी
सिकंदरपुर खास गांव की वैष्णवी की शादी 2023 में भंवर सिंह के साथ हुई थी। भंवर सिंह पटियाली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं लेकिन शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच मनमुटाव रहने लगा। इसी कारण वैष्णवी अक्सर अपने मायके चली जाती थी। एक दिन वैष्णवी के मायके में उसकी मुलाकात मनोज नामक युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
पति ने बहुत समझाया लेकिन पत्नी नहीं मानी
भंवर सिंह ने वैष्णवी को कई बार वापस घर बुलाने की कोशिश की लेकिन वैष्णवी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। वैष्णवी का आरोप था कि भंवर सिंह का व्यवहार उसके साथ ठीक नहीं था। जब उसने अपने परिवार से यह बात साझा की कि वह मनोज के साथ रहना चाहती है तो घरवाले हैरान रह गए।
यह भी पढ़ें: Baba Vanga की चौंकाने वाली भविष्यवाणी: 2033-2045 में इस्लाम बनेगा ग्लोबल पावर!
मां ने बेटी की शादी प्रेमी से करवा दी
इसके बाद वैष्णवी की मां ने बड़ा कदम उठाया। उन्होंने तय किया कि जब उनकी बेटी का पति के साथ रहना संभव नहीं है तो वे उसकी शादी उसके प्रेमी मनोज से करवा देंगी। इस फैसले के बाद वैष्णवी की मां ने भंवर सिंह के सामने ही अपनी बेटी की शादी प्रेमी मनोज से करवा दी। यह शादी तहसील परिसर में आयोजित की गई। वैष्णवी खुशी-खुशी अपने प्रेमी के साथ नई ससुराल चली गई और भंवर सिंह यह सब देखकर बस देखते रह गए।
पति का बयान: "वह मुझे छोड़कर चली गई थी"
भंवर सिंह ने कहा कि उनकी शादी दो साल पहले वैष्णवी से हुई थी लेकिन वह उन्हें छोड़कर चली गई। अब उसकी दूसरी शादी हुई है और वह खुश है। उन्होंने कहा कि वह इस रिश्ते को आगे बढ़ाने में असमर्थ थे क्योंकि वैष्णवी हमेशा उनसे नाराज रहती थी।
वैष्णवी का बयान: "अब मैं खुश हूं"
वैष्णवी ने कहा कि उन्होंने कुछ कारणों से अपने पति के साथ रहने से मना किया था। अब उन्होंने अपनी मां की रजामंदी से मनोज से शादी की है और वह इस शादी से पूरी तरह खुश हैं।