Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 24 Mar, 2025 06:54 AM

दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में चल रहे एक संगठित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने तीन नाबालिगों और 10 नेपाली महिलाओं समेत कुल 23 लड़कियों को बचाया।
नेशनल डेस्क: दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में चल रहे एक संगठित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने तीन नाबालिगों और 10 नेपाली महिलाओं समेत कुल 23 लड़कियों को बचाया। जिसमें कुछ दूसरे देश की लड़कियां भी थी। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से इस देह व्यापार में लिप्त थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़गंज क्षेत्र में अवैध देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। इसके बाद पहाड़गंज पुलिस स्टेशन, शारदानंद मार्ग पुलिस चौकी और हिम्मतगढ़ पुलिस चौकी की टीमों ने मिलकर एक गहन जांच शुरू की। गुप्त सूत्रों से मिले इनपुट और निगरानी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध स्थानों की पहचान की और फिर वहां अपने फर्जी ग्राहक भेजे। जब सबूत पुख्ता हो गए, तब टीमों ने होटलों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर 23 महिलाओं को वहां से मुक्त कराया।
झांसे में फंसाकर कर रहे थे तस्करी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल, नेपाल और अन्य राज्यों से लड़कियों को बहला-फुसलाकर दिल्ली लाता था। इन महिलाओं से झूठे वादे किए जाते थे और फिर उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेल दिया जाता था। पुलिस जांच में पता चला कि इन पीड़िताओं को पहले पहाड़गंज के एक कमरे में रखा जाता था और बाद में उन्हें विभिन्न होटलों में भेजा जाता था। गिरोह के सदस्य पीड़िताओं को स्कूटर और अन्य साधनों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाते थे ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
गिरफ्तार हुए आरोपी
इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
-
नूरशेद आलम (21)
-
मोहम्मद राहुल आलम (22)
-
अब्दुल मन्नान (30)
-
तौशिफ रेक्सा
-
शमीम आलम (29)
-
मोहम्मद जारुल (26)
-
मोनिश (26)
इन सभी पर मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य संबंधित अपराधों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस इनके अन्य सहयोगियों का भी पता लगाने में जुटी है।
महिलाओं को मिलेगा पुनर्वास का लाभ
दिल्ली पुलिस ने बताया कि बचाई गई महिलाओं को पुनर्वास केंद्र भेजा जाएगा, जहां उन्हें काउंसलिंग और आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। नाबालिगों को विशेष देखभाल और सुरक्षा दी जाएगी। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जा सके।