Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 09 Mar, 2025 11:07 AM

IPL 2025 के शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और सभी फ्रेंचाइजी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। इसी बीच गुजरात टाइटन्स (GT) ने बड़ा ऐलान किया है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मैथ्यू वेड को अपना सहायक कोच नियुक्त किया है।
नेशनल डेस्क: IPL 2025 के शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और सभी फ्रेंचाइजी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। इसी बीच गुजरात टाइटन्स (GT) ने बड़ा ऐलान किया है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मैथ्यू वेड को अपना सहायक कोच नियुक्त किया है। वेड पिछले सीजन तक गुजरात टाइटन्स की टीम का हिस्सा थे, लेकिन अब वह कोचिंग स्टाफ में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। गुजरात टाइटन्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर यह घोषणा की।
मैथ्यू वेड का IPL सफर और नया रोल
मैथ्यू वेड ने IPL 2024 में गुजरात टाइटन्स के लिए सिर्फ 2 मैच खेले थे और 4 रन बनाए थे। 2022 में गुजरात से जुड़ने वाले वेड को मेगा ऑक्शन से पहले टीम ने रिलीज कर दिया था। वेड ने IPL में अब तक कुल 12 मैच खेले हैं और 14.64 की औसत से 161 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 35 रन रहा है। IPL में उन्होंने पहली बार 2011 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला था, लेकिन उसके बाद वह 11 साल तक इस लीग से दूर रहे।
क्रिकेट से संन्यास के बाद कोचिंग की ओर रुख
मैथ्यू वेड ने मार्च 2023 में रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उन्होंने T20 वर्ल्ड कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया के लिए शिरकत की और अक्टूबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी। अब वे कोचिंग में अपना करियर आगे बढ़ा रहे हैं।
गुजरात टाइटन्स के प्रदर्शन पर नजर
गुजरात टाइटन्स ने 2022 में IPL का खिताब जीतकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन IPL 2024 में टीम प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच सकी। इस बार टीम नए जोश और रणनीति के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर शुभमन गिल के हाथों में होगी।
IPL 2025 में गुजरात टाइटन्स का पहला मुकाबला
गुजरात टाइटन्स 25 मार्च 2025 को अपने पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) से भिड़ेगी। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
IPL 2025 के लिए गुजरात टाइटन्स की टीम:
शुभमन गिल, राशिद खान, साईं सुदर्शन, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, जोस बटलर, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, शेरफेन रदरफोर्ड, गेराल्ड कोएत्जे, आर साई किशोर, महिपाल लोमरोर, गुरनूर सिंह बरार, मोहम्मद अरशद खान, इशांत शर्मा, कुमार कुशाग्र, मानव सुथार, अनुज रावत, मानव सिंधु, जयंत यादव, ग्लेन फिलिप्स, करीम जनत, कुलवंत खेजूरलिया।