Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 20 Mar, 2025 12:35 PM

भारत के मौसम विभाग (IMD) ने आज देश के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज ओले गिरने की चेतावनी दी है। यह अलर्ट उन इलाकों के लिए है, जहां तेज बारिश, ओले और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस स्थिति से निपटने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह...
नेशनल डेस्क: भारत के मौसम विभाग (IMD) ने आज देश के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज ओले गिरने की चेतावनी दी है। यह अलर्ट उन इलाकों के लिए है, जहां तेज बारिश, ओले और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस स्थिति से निपटने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आइए जानते हैं कि किन इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और कब तक यह बदलाव रहेगा।
IMD ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट
भारत मौसम विभाग ने खासकर छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय जैसे राज्यों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश और ओले गिरने की संभावना के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा आज हरियाणा, दिल्ली (Delhi NCR Weather Update), चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बिजली कड़कने की संभावना है, जिसके कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में बारिश और ओले गिरने की संभावना
भारत मौसम विभाग के अनुसार, 20 मार्च से लेकर 22 मार्च तक पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है। वहीं, 21 और 22 मार्च को बिहार और विदर्भ में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। 19 से 22 मार्च तक पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम बिगड़ सकता है, जिसमें बिजली गिरने के साथ-साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले
देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है, खासकर पश्चिमी और मध्य भारत के इलाकों में। इन क्षेत्रों में लोगों को सड़क पर चलने और खुले स्थानों पर रहने से बचने की सलाह दी जा रही है। ओले गिरने से फसलों को भी नुकसान हो सकता है, इसलिए किसान भाइयों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।
तमिलनाडु और कर्नाटका में गर्म और उमस भरा मौसम
भारत के मौसम विभाग (IMD Alert) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कोंकण, नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटका और साउथ इंटीरियर कर्नाटका में मौसम के गर्म और उमस भरे रहने की संभावना जताई है। इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान हो सकते हैं।
क्या करें और क्या न करें?
- सतर्क रहें: तेज हवाओं और ओलों के दौरान घर के अंदर ही रहें और किसी भी खुले स्थान पर न जाएं।
- वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतें: तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।
- किसान भाई ध्यान रखें: ओले गिरने से फसलों को नुकसान हो सकता है, इसलिए कृषि क्षेत्र में काम करने वाले किसानों को अपने फसल की सुरक्षा के लिए उपायों को अपनाना चाहिए।