Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 23 Mar, 2025 06:45 AM

मौसम विभाग (IMD) ने 23 मार्च तक पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान की संभावना जताई है। दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र तक हवा का असंतुलन बना हुआ है। मध्य छत्तीसगढ़ में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है
नेशनल डेस्क: मौसम विभाग (IMD) ने 23 मार्च तक पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान की संभावना जताई है। दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र तक हवा का असंतुलन बना हुआ है। मध्य छत्तीसगढ़ में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिससे आने वाले दिनों में तेज बारिश हो सकती है। उत्तरी कर्नाटक से दक्षिण तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जिससे बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात जैसी स्थिति बनी हुई है।
इन राज्यों में होगी तेज बारिश
22 मार्च को पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश होगी। छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में 22-23 मार्च के दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी। अरुणाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक आंधी, बिजली और बारिश जारी रहेगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले 3-4 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा तापमान
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में अगले 4-5 दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने गुजरात में 22-25 मार्च के दौरान भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी है।
कहां कितना रहा तापमान?
शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा तापमान आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि आंतरिक महाराष्ट्र और कर्नाटक में 1-2 डिग्री की गिरावट आई। वहीं, पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और गुजरात में तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी में अधिकतम तापमान 31-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-18 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 25 मार्च तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी और यह 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।