Edited By Harman Kaur,Updated: 10 Apr, 2025 12:11 PM
कर्नाटक के चिक्कमगलूरु जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जहां बेंगलुरु से श्रृंगेरी जा रही कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) की बस जयापुरा के पास मुरुगड्डे और जलदुर्गा के बीच अनियंत्रित हो गई और एक मकान की छत पर गिर गई। इस हादसे में बस ड्राइवर और एक...
नेशनल डेस्क: कर्नाटक के चिक्कमगलूरु जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जहां बेंगलुरु से श्रृंगेरी जा रही कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) की बस जयापुरा के पास मुरुगड्डे और जलदुर्गा के बीच अनियंत्रित हो गई और एक मकान की छत पर गिर गई। इस हादसे में बस ड्राइवर और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्री को मामूली चोटें आई हैं।

घटना के समय क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गईं। इसका असर बस के चालक पर पड़ा और उसने नियंत्रण खो दिया। बस गड्ढे में गिरते हुए पास के घर की छत पर चढ़ गई। हादसे में घर की छत को भी नुकसान हुआ।
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। चिक्कमगलूरु जिले के कोप्पा तालुका के जलदुर्गा इलाके में हुई इस दुर्घटना में कुल 40 यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक, दस घायलों को जयपुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि बस ड्राइवर समेत दो लोगों को कोप्पा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोग भी तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद कुछ स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि बस की स्पीड बहुत अधिक थी और यह दुर्घटना ओवरस्पीडिंग के कारण हुई। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि बस पुरानी थी और उसका रखरखाव ठीक से नहीं किया गया था।
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जयपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवा दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो घटना की भयावहता को दर्शाता है। विधायक टी.डी. राजेगौड़ा ने भी घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।