Edited By Parveen Kumar,Updated: 26 Mar, 2025 05:03 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नए टैरिफ लगाने की समयसीमा नजदीक आ रही है, जिससे भारत पर असर पड़ सकता है। इसे कम करने के लिए भारत कुछ अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ कम करने की योजना बना रहा है।
नेशनल डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नए टैरिफ लगाने की समयसीमा नजदीक आ रही है, जिससे भारत पर असर पड़ सकता है। इसे कम करने के लिए भारत कुछ अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ कम करने की योजना बना रहा है। सूत्रों के मुताबिक, भारत अमेरिका से आयातित 55% वस्तुओं पर शुल्क कम या खत्म कर सकता है, लेकिन इसके बदले अमेरिका से भी रियायत की उम्मीद की जा रही है।
नई रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के फैसले से भारत के 66 अरब डॉलर (करीब 5.68 लाख करोड़ रुपये) के निर्यात में से 87% प्रभावित हो सकता है। भारत अपने व्यापार को बचाने के लिए 23 अरब डॉलर के अमेरिकी आयात पर शुल्क घटाने पर विचार कर रहा है। फिलहाल, कई अमेरिकी सामानों पर 5% से 30% तक शुल्क लगता है, जिसे घटाने या खत्म करने की योजना है।
इस मुद्दे पर बातचीत के लिए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल भारत आया है, जो तीन दिन तक भारतीय अधिकारियों से चर्चा करेगा। इस वार्ता में व्यापार समझौते से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार होगा।
हालांकि, आर्थिक शोध संस्थान जीटीआरआई ने भारत को इस समझौते में सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि अमेरिका की संसद इसमें बदलाव कर सकती है, जिससे भारत को नुकसान हो सकता है।
ट्रंप के नए टैरिफ से भारत के फार्मा और ऑटो सेक्टर पर बड़ा असर पड़ सकता है, जबकि इंडोनेशिया, इस्राइल और वियतनाम जैसे देशों को इसका फायदा मिलेगा। भारत ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए भी अमेरिका से टैरिफ में छूट मांग सकता है, क्योंकि इस पर अभी 100% से ज्यादा शुल्क लगता है।