Edited By Rohini Oberoi,Updated: 07 Mar, 2025 02:37 PM

जालंधर के चर्च "ग्लोरी एंड विजडम" के पादरी बजिंदर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक महिला ने उन पर यौन शोषण मानसिक प्रताड़ना और धमकाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पादरी उसे अश्लील मैसेज भेजते थे गलत तरीके से छूते थे और जब उसने...
नेशनल डेस्क। जालंधर के चर्च "ग्लोरी एंड विजडम" के पादरी बजिंदर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक महिला ने उन पर यौन शोषण मानसिक प्रताड़ना और धमकाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पादरी उसे अश्लील मैसेज भेजते थे गलत तरीके से छूते थे और जब उसने विरोध किया, तो उसे धमकाया गया।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित महिला ने बताया कि वह 2017 में चर्च से जुड़ी थी और 2023 में उसे छोड़ दिया। उसने आरोप लगाया कि 2022 में हर रविवार उसे चर्च के एक कमरे (कैबिन) में अकेले बैठाया जाता था जहां पादरी उसे गलत तरीके से छूते और गले लगाते थे। जब महिला ने विरोध किया तो पादरी ने उसे डराने और धमकाने की कोशिश की।
महिला का कहना है कि पादरी ने उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। जब वह कॉलेज जाती थी तो कारों से उसका पीछा किया जाता था। उसके परिवार को धमकी दी गई कि "पिता घर नहीं लौटेंगे और मां चर्च से जिंदा नहीं आएंगी।" डर और तनाव की वजह से महिला डिप्रेशन में चली गई और किसी को कुछ नहीं बता पाई।
जीबी रोड से जुड़ा मामला
महिला ने पादरी पर मादक पदार्थों और लड़कियों की तस्करी में शामिल होने का भी आरोप लगाया। उसने कहा कि बजिंदर सिंह दिल्ली के जीबी रोड पर लड़कियों को बेचने का काम करता है।
चर्च प्रमुख पर भी आरोप
महिला ने बताया कि जब उसने चर्च के प्रमुख प्रधान अवतार से इस बारे में शिकायत की तो उन्होंने मामला दबाने और चर्च के अंदर ही निपटाने की सलाह दी। महिला के पति ने बताया कि पादरी के भेजे गए मैसेज चर्च प्रमुख अवतार के उनके घर आने की सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत पुलिस को सौंपे गए हैं।
पुलिस और राज्य महिला आयोग की कार्रवाई
महिला की शिकायत के बाद विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इसके अलावा राज्य महिला आयोग ने भी पादरी बजिंदर सिंह से जवाब मांगा है।
पादरी बजिंदर सिंह ने दी सफाई
पादरी बजिंदर सिंह ने सभी आरोपों को झूठा बताया और कहा कि वह दो बच्चों के पिता हैं और ऐसा गलत काम नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि उन पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं और वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। हालांकि एक वीडियो में पादरी अपने अनुयायियों से आरोप लगाने वाली महिलाओं के खिलाफ एकजुट होने और उनके घरों तक जाने की अपील करते दिख रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले ने चर्च के पादरी और उनकी गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं यह देखने वाली बात होगी।