Edited By Harman Kaur,Updated: 10 Apr, 2025 11:19 AM
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हाल ही में बताया कि उनकी सरकार गृह विभाग में 12,000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती करेगी। साथ ही, राज्य प्रशासन की योजना 20 नए साइबर पुलिस थाने स्थापित करने की भी है। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी बुधवार रात दिल्ली से...
नेशनल डेस्क: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हाल ही में बताया कि उनकी सरकार गृह विभाग में 12,000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती करेगी। साथ ही, राज्य प्रशासन की योजना 20 नए साइबर पुलिस थाने स्थापित करने की भी है। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी बुधवार रात दिल्ली से लौटने के बाद हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी बैठक में राज्य में कानून व्यवस्था से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के कार्यान्वयन पर चर्चा की गई।
माझी ने कहा कि साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार 20 साइबर पुलिस थाने स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा, हर पुलिस थाने में 'क्राइम सीन ऑफिसर' का पद भी सृजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि गृह विभाग में कुल 12,000 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें ओडिशा स्पेशल स्ट्राइकिंग फोर्स (ओएसएसएफ) में 3003 रिक्तियां, ओडिशा औद्योगिक सुरक्षा बल (ओआईएसएफ) में 3000 पद, 2000 यातायात कर्मियों के पद, 5000 होमगार्ड के पद, लोक अभियोजन निदेशालय में 267 और राज्य फॉरेंसिक विज्ञान विभाग में 254 रिक्तियां शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि और कानून-व्यवस्था की स्थिति में गिरावट का आरोप लगाया है।