Edited By Anu Malhotra,Updated: 14 Mar, 2025 09:25 AM
म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए चिंता की खबर है। फरवरी 2025 में SIP (सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) इनफ्लो दो महीने के बाद पहली बार ₹26,000 करोड़ के नीचे पहुंच गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में SIP...
नेशनल डेस्क: म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए चिंता की खबर है। फरवरी 2025 में SIP (सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) इनफ्लो दो महीने के बाद पहली बार ₹26,000 करोड़ के नीचे पहुंच गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में SIP का आंकड़ा ₹25,999 करोड़ रहा, जो जनवरी के ₹26,400 करोड़ और दिसंबर के ₹26,459 करोड़ की तुलना में 1.5% कम है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में SIP निवेश में 3.3% की गिरावट दर्ज की गई थी।
SIP पोर्टफोलियो में बड़ा झटका, 55 लाख खाते बंद
- फरवरी में 55 लाख SIP पोर्टफोलियो डिस्कंटीन्यू हुए, जिससे SIP स्टॉपेज रेशियो ऑल-टाइम हाई 125% पर पहुंच गया।
- जनवरी में 61.3 लाख SIP बंद हुए थे, जबकि दिसंबर 2024 में यह आंकड़ा 44.9 लाख था।
- फरवरी में नई SIP रजिस्ट्रेशन की संख्या भी घटी – सिर्फ 44 लाख नई SIP शुरू हुईं, जबकि जनवरी में 56.19 लाख और दिसंबर में 54.27 लाख SIP शुरू हुई थीं।
FY25 में अब तक ₹2.63 लाख करोड़ का SIP निवेश
- वित्त वर्ष 2024-25 के पहले 11 महीनों (अप्रैल-फरवरी) में SIP के जरिए कुल ₹2,63,426 करोड़ का निवेश हुआ।
- यह पिछले साल की तुलना में 32.23% ज्यादा है, क्योंकि FY24 में SIP निवेश ₹1,99,219 करोड़ था।
- SIP के जरिए AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) बढ़कर ₹12.38 लाख करोड़ हो गया है, जो म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के कुल एसेट्स का 19.2% है।
इक्विटी फंड्स में निवेश 27% घटा
- फरवरी में इक्विटी फंड्स में ₹29,303 करोड़ का इनफ्लो आया, जो जनवरी में ₹39,687 करोड़ था – यानी 27% की गिरावट।
- डेट फंड्स में नेट आधार पर ₹6,525 करोड़ की निकासी हुई, जबकि जनवरी में ₹1,28,652 करोड़ का पॉजिटिव इनफ्लो था।
- हाइब्रिड फंड्स में भी गिरावट – फरवरी में ₹6,803 करोड़ का इनफ्लो आया, जो जनवरी में ₹8,767 करोड़ था।
क्या निवेशकों को घबराने की जरूरत है?
AMFI के सीईओ वेंकट एन चलासानी के मुताबिक, "SIP में गिरावट बाजार में करेक्शन और अस्थिरता के कारण आई है। लेकिन लॉन्ग-टर्म निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। SIP में निवेश करने वालों के लिए यह समय खरीदारी के अच्छे मौके लेकर आ सकता है।"