Edited By Rohini Oberoi,Updated: 07 Mar, 2025 11:16 AM
थाईलैंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने सड़क किनारे ठेले से आइसक्रीम खरीदी लेकिन जब खाने लगा तो अंदर एक पूरा सांप जमा हुआ मिला। इस घटना ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
इंटरनेशनल डेस्क। थाईलैंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने सड़क किनारे ठेले से आइसक्रीम खरीदी लेकिन जब खाने लगा तो अंदर एक पूरा सांप जमा हुआ मिला। इस घटना ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
आइसक्रीम खाते ही दिखा सांप
यह घटना मिडिल थाईलैंड के मुएंग रत्चबुरी क्षेत्र के पाक थो की है। रेबन नक्लेनगबून नाम के व्यक्ति ने जब आइसक्रीम खरीदी और खाने लगे तो उन्हें उसमें एक काले और पीले रंग का सांप दिखाई दिया। इस डरावनी खोज की तस्वीरें उन्होंने फेसबुक पर शेयर कीं जिसके बाद यह मामला वायरल हो गया।
क्या लिखा फेसबुक पोस्ट में?
फेसबुक पर नक्लेनगबून ने थाई भाषा में लिखा, "इतनी बड़ी आंखें! क्या यह मर चुका है? मैंने इसे खुद खरीदा है यह असली तस्वीर है।" उन्होंने जिस आइसक्रीम को खरीदा था वह थाईलैंड में मशहूर ब्लैक बीन आइसक्रीम थी।
कैसा था यह सांप?
पोस्ट की गई तस्वीरों में यह साफ दिखा कि आइसक्रीम में एक काले और पीले रंग का सांप जमा हुआ था। विशेषज्ञों के अनुसार यह हल्का जहरीला गोल्डन ट्री स्नेक हो सकता है जो आमतौर पर इस इलाके में पाया जाता है। यह सांप आमतौर पर 70 से 130 सेंटीमीटर तक लंबा होता है लेकिन आइसक्रीम में मिला सांप संभवतः छोटा था जिसकी लंबाई 20 से 40 सेंटीमीटर के बीच थी।
यह भी पढ़ें: अब Lock Screen के बाद भी बैकग्राउंड पर बजेगा म्यूजिक, Youtube का नया धांसू फीचर मचाएगा तहलका!
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोग इसे देखकर डर गए तो कुछ मजाक करने लगे।
➤ एक यूजर ने लिखा, "इसीलिए मैं सड़क किनारे का खाना नहीं खाता। यह बहुत भयानक है!"
➤ दूसरे ने लिखा, "अच्छा हुआ आइसक्रीम के साथ प्रोटीन भी फ्री में मिल गया!"
➤ तीसरे ने मजाक में कहा, "पहली बाइट आपको स्वाद देगी अगली बाइट आपको अस्पताल पहुंचा देगी।"
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब खाने के सामान में इस तरह की अजीब चीजें मिली हैं। इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
1. मुंबई में आइसक्रीम में मिली इंसान की उंगली
पिछले साल मुंबई में डॉ. ऑरलम ब्रैंडन सेराओ ने एक ऐप से आइसक्रीम मंगवाई थी। जब उन्होंने आधी आइसक्रीम खा ली तो अचानक उन्हें उसमें कुछ सख्त महसूस हुआ। जब उन्होंने उसे थूका और ध्यान से देखा, तो वह इंसान की कटी हुई उंगली थी।
2. कोलकाता में फ्रेंच फ्राइज में निकली तली हुई छिपकली
2017 में कोलकाता में एक गर्भवती महिला ने मैकडॉनल्ड्स से फ्रेंच फ्राइज ऑर्डर किया था। जब उसने खाने की कोशिश की तो उसमें एक तली हुई छिपकली मिली। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
क्या सीख सकते हैं हम?
यह घटना हमें यह सीख देती है कि बाहर मिलने वाले खाने की गुणवत्ता पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। खासकर सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों को खरीदते समय सतर्क रहना चाहिए। हमेशा स्वच्छ और विश्वसनीय जगहों से ही खाना खरीदें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।