Edited By Anu Malhotra,Updated: 02 Apr, 2025 02:46 PM
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक नवविवाहित दुल्हन को अपनी ही ससुराल में प्रवेश पाने के लिए 50 घंटे तक धरना देना पड़ा। शादी के बाद पति पर 50 लाख की मांग और ससुराल में न अपनाए जाने का आरोप लगाने वाली शालिनी सिंघल आखिरकार अपने ससुराल लौट आई हैं।...
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक नवविवाहित दुल्हन को अपनी ही ससुराल में प्रवेश पाने के लिए 50 घंटे तक धरना देना पड़ा। शादी के बाद पति पर 50 लाख की मांग और ससुराल में न अपनाए जाने का आरोप लगाने वाली शालिनी सिंघल आखिरकार अपने ससुराल लौट आई हैं। राजनीतिक और सामाजिक नेताओं की मध्यस्थता के बाद पति-पत्नी के बीच सुलह हो गई और धरना समाप्त हुआ।
धरने की वजह क्या थी?
12 फरवरी 2025 को शालिनी और प्रणव सिंघल की शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए इंडोनेशिया के बाली गए, लेकिन वहां से लौटते ही रिश्ते में तनाव आ गया। शालिनी का आरोप था कि प्रणव और उसके परिवार ने 50 लाख रुपये की मांग की, और जब उसने यह देने से इनकार किया तो उसे मायके छोड़ दिया गया। जब वह खुद से ससुराल वापस लौटी, तो उसे घर में घुसने तक नहीं दिया गया। मजबूर होकर उसने ससुराल के गेट पर धरना देना शुरू कर दिया।
पति का अलग दावा, कहा— "मेरी जान को खतरा"
शालिनी के आरोपों के जवाब में प्रणव का कहना था कि उसने कभी दहेज की मांग नहीं की। उसका आरोप था कि शादी के बाद से शालिनी ने संबंध बनाने से इंकार कर दिया और धमकी दी कि "अगर हाथ भी लगाया तो केस कर दूंगी, मैं वकील हूं।" उसने यह भी कहा कि उसे शालिनी से जान का खतरा है और वह इस रिश्ते से परेशान हो गया था।
नेताओं की एंट्री और विवाद का हल
इस मामले ने तूल पकड़ लिया, तो स्थानीय राजनीतिक दलों के नेता— सपा, रालोद और बीजेपी— सामने आए और दोनों पक्षों के बीच सुलह करवाई। परिवार के वरिष्ठ सदस्य और समाज के प्रतिष्ठित लोग भी बातचीत में शामिल हुए। समझौते के बाद शालिनी को घर के अंदर जाने की इजाजत मिल गई और उसने अपना धरना समाप्त कर दिया।
परिवार का क्या कहना है?
शालिनी के चाचा आशीष कुमार ने बताया कि "दोनों के बीच कुछ गलतफहमियां हो गई थीं, जिन्हें आपसी बातचीत से सुलझा लिया गया है। अब दोनों खुशी-खुशी साथ रह रहे हैं।"
क्या रिश्ते की नई शुरुआत होगी?
भले ही समझौता हो गया हो, लेकिन रिश्ते की बुनियाद पर उठे सवाल अभी भी कायम हैं। क्या शालिनी और प्रणव एक-दूसरे को समझ पाएंगे? क्या दोनों अपने मतभेदों को भुलाकर शादीशुदा जिंदगी को नई दिशा देंगे? यह तो वक्त ही बताएगा।