Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 25 Mar, 2025 03:38 PM

बिहार के मधुबनी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र के फुलहर गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव खेत में फेंका गया था, जिसे देखकर गांव में सनसनी फैल गई। सबसे डरावनी बात यह थी कि मृतक का प्राइवेट...
नेशनल डेस्क: बिहार के मधुबनी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र के फुलहर गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव खेत में फेंका गया था, जिसे देखकर गांव में सनसनी फैल गई। सबसे डरावनी बात यह थी कि मृतक का प्राइवेट पार्ट काट दिया गया था और आंखें फोड़ दी गई थीं बाद में खेत में छोड़ दिया गया। पुलिस ने मौके से युवक की पैंट, बेल्ट और मोबाइल का बैक कवर बरामद किया है। शव की पहचान गांव के शनिचर मुखिया के बेटे धनवीर मुखिया के रूप में हुई है। मृतक नागालैंड में मजदूरी करता था और होली के लिए अपने गांव लौटा था। परिवार वालों का कहना है कि गांव में किसी से उसका झगड़ा हुआ था और संभवतः उसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई। हालांकि, पुलिस अभी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, डॉग स्क्वायड की भी ली जा रही मदद
घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी एसडीपीओ निशिकांत भारती दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है।
बिहार में बढ़ते अपराध का एक और उदाहरण राजधानी पटना में देखने को मिला। एशिया हॉस्पिटल की संचालिका सुरभि राज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
अस्पताल में घुसकर मारी थी गोली
यह घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के कुम्हरार स्थित धनुकी मोड़ के पास हुई। शनिवार को अपराधियों ने सुरभि राज के ऑफिस में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अब अस्पताल और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
बिहार में बढ़ते अपराध से दहशत
बिहार में हाल ही में अपराधों में तेजी से वृद्धि हो रही है। खासकर हत्या और लूट जैसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं। पुलिस प्रशासन अब इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की धरपकड़ में जुटा हुआ है।