Edited By Pardeep,Updated: 25 Nov, 2024 06:14 AM
![ruckus over survey of jama masjid in sambhal](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2024_11image_21_46_19461065200-ll.jpg)
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है।
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। सर्वे के विरोध में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प ने हालात गंभीर बना दिए हैं। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के दौरान आंसू गैस, पथराव और गोलाबारी हुई, जिसमें अब तक चार युवकों की मौत की पुष्टि हुई है।
क्यों भड़की हिंसा?
रविवार को एक टीम शाही जामा मस्जिद का सर्वे करने पहुंची। स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और सुरक्षा कर्मियों पर हमला किया। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।
उपद्रवियों के पथराव में एसडीएम, सीओ, एसपी के पीआरओ समेत 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए। 20 से ज्यादा उपद्रवियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना के बाद से संभल बाजार बंद है। अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह व डीआइजी मुनिराज जी संभल में ही कैंप किए हुए हैं।
स्कूलों में छुट्टी की घोषणा
बिगड़ते हालात के बीच प्रशासन ने संभल तहसील क्षेत्र के सभी स्कूलों (कक्षा नर्सरी से 12वीं तक) को 25 नवंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। यह आदेश परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त स्कूलों और मदरसों पर भी लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हालात का जायजा लेने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।