Edited By Radhika,Updated: 24 Dec, 2024 10:54 AM
![tableaus of these states and ministries will be seen on the path of duty](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2024_12image_10_52_59539477926janurary-ll.jpg)
गणतंत्र दिवस परेड में हर साल अलग- अलग झांकियों का प्रदर्शन देखने को मिलता है। वहीं आगामी गणतंत्र दिवस परेड में झांकियां 'स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास' की थीम पर बेस्ड होंगी। इस बार पथ पर 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां देखने को...
नेशनल डेस्क: गणतंत्र दिवस परेड में हर साल अलग- अलग झांकियों का प्रदर्शन देखने को मिलता है। वहीं आगामी गणतंत्र दिवस परेड में झांकियां 'स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास' की थीम पर बेस्ड होंगी। इस बार पथ पर 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां देखने को मिलेंगी।
इस संबंध में रक्षा मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का चयन हुआ है, उनमें- आंध्र प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, दादर नागर हवेली और दमन और दीव, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल का नाम है। इसके अलावा केंद्र सरकार के 11 मंत्रालयों और विभागों का भी चयन किया गया है।
मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है, ‘‘हर साल राज्य/केंद्र शासित प्रदेश और केंद्र सरकार के मंत्रालय/विभाग गणतंत्र दिवस समारोह (आरडीसी) के हिस्से के रूप में कर्तव्य पथ पर अपनी झांकियां प्रदर्शित करते हैं। आरडीसी-2025 के लिए झांकियों का विषय 'स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास' तय किया गया है।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को, चाहे उनका चयन कर्तव्य पथ के लिए हो या ना हो, लाल किले में भारत पर्व (26-31 जनवरी) के दौरान अपनी झांकी प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।’’
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि झांकी गणतंत्र दिवस परेड के महत्वपूर्ण घटकों में से एक होती हैं। बयान में कहा गया है कि परेड की कुल अवधि में झांकियों के लिए आवंटित समय के कारण, "विशेषज्ञ समिति द्वारा झांकियों का चयन किया जाता है।’’