mahakumb

Delhi में बारिश के बाद तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत, इन राज्यों में लू का अलर्ट

Edited By Rohini Oberoi,Updated: 16 Mar, 2025 08:25 AM

temperature drops after rain in delhi relief from heat

देशभर में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। दिल्ली एनसीआर और इसके आस-पास के इलाकों में 15 मार्च को हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और देश के कई अन्य...

नेशनल डेस्क। देशभर में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। दिल्ली एनसीआर और इसके आस-पास के इलाकों में 15 मार्च को हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और देश के कई अन्य राज्यों में भी शनिवार को हल्की बूंदाबांदी हुई जिसके बाद मौसम शुष्क हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी में आज भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का औसत तापमान से 4.1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली में इस साल का सबसे गर्म दिन था जब अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से 7.3 डिग्री ज्यादा था।

उत्तर प्रदेश में बढ़ा तापमान

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव हो रहा है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 मार्च को राज्य के 45 से अधिक जिलों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 17 मार्च को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बिहार में भी मार्च महीने में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। शनिवार को खगड़िया में सबसे अधिक 39.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बाकी जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री तक था सिवाय किशनगंज के।

राजस्थान में बारिश और शुष्क मौसम

राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है जिसके कारण कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

गर्मी का अलर्ट

मौसम विभाग ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात राज्यों में गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में लू चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने बताया कि कर्नाटक के उत्तरी इलाकों के ऐनापुर हुबली गांव में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है।

हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों में हिमस्खलन का खतरा है। राज्य में मंगलवार तक बर्फबारी और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 26 फरवरी से लगातार हो रही बर्फबारी के कारण चंबा जिले की पांगी घाटी के आदिवासियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यहां सड़कें बंद होने के कारण ग्रामीणों को बीमार लोगों को पालकी में लादकर अस्पताल तक ले जाना पड़ रहा है।

कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट

कश्मीर में शनिवार को कई इलाकों में हिमपात हुआ और कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा जिलों के मैदानी इलाकों में बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटन स्थलों पर भी हिमपात हुआ। रविवार को कश्मीर में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। सोमवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है और दोपहर तक मौसम में सुधार होने की उम्मीद है।

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!