Edited By Harman Kaur,Updated: 24 Apr, 2025 03:19 PM
महाराष्ट्र का एक दंपति परमात्मा का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहा है जो पहलगाम हमले से कुछ मिनट पहले ही प्रभावित स्थान से निकला था और बाल-बाल बच गया। उन्होंने पहलगाम में स्थानीय लोगों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें घटनास्थल से जल्दी से जल्दी...
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र का एक दंपति परमात्मा का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहा है जो पहलगाम हमले से कुछ मिनट पहले ही प्रभावित स्थान से निकला था और बाल-बाल बच गया। उन्होंने पहलगाम में स्थानीय लोगों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें घटनास्थल से जल्दी से जल्दी निकलने और सुरक्षित उनके होटल तक पहुंचने में मदद की।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड' के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटन स्थल पर मंगलवार दोपहर आतंकवादियों के हमले में 26 लोग मारे गए, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे। महाराष्ट्र के नांदेड़ के रहने वाले साक्षी और कृष्ण लोलगे भी लगभग उसी समय पहलगाम घूमने गए थे। साक्षी ने घटनास्थल से अपने होटल पहुंचने के बाद दंपति द्वारा बनाए गए एक वीडियो में कहा, "हम उस जगह पर गए थे, जहां आतंकवादी हमला हुआ है, लेकिन घटना से 15-20 मिनट पहले ही वहां से निकले थे। घटनास्थल से थोड़ा दूर जाने के बाद हमने गोलीबारी की आवाज सुनी।''
उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें उस जगह से जल्दी से जल्दी निकलने में मदद की। साक्षी ने कहा, "अगर स्थानीय लोगों का सहयोग न होता, जिन्होंने हमें तेजी से वहां से निकलने में मदद की, तो हम यह वीडियो नहीं बना पाते। स्थानीय लोगों ने पर्यटकों की बहुत मदद की।'' उनके पति कृष्ण ने बताया कि उनके खच्चर वाले ने उन्हें तुरंत पहाड़ी से नीचे उतारा। उन्होंने कहा, "हमारे टूर को-ऑर्डिनेटर लगातार हमारे संपर्क में थे। स्थानीय लोग हमें तुरंत हमारे होटल ले गए। हमें होटल में पता चला कि आतंकी हमला हुआ है। हमने देखा कि बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी हमले वाली जगह की ओर बढ़ रहे हैं।"