Edited By Parveen Kumar,Updated: 17 Apr, 2025 08:51 PM
उत्तर प्रदेश के जालौन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक डॉक्टर ने मासूम बच्चे को सिगरेट पीना सिखाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के जालौन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक डॉक्टर ने मासूम बच्चे को सिगरेट पीना सिखाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कुठौंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में हुई, जहां डॉक्टर सुरेश चंद्रा तैनात हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 7 अप्रैल का है, और बच्चे की मां उसी पीएचसी में संविदा पर स्टाफ नर्स है। वीडियो में डॉक्टर बच्चे को सिगरेट पीने का तरीका समझा रहे हैं। इस वीडियो को स्थानीय लोगों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो के वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एनडी शर्मा ने बताया कि वीडियो मिलने के बाद डॉक्टर सुरेश चंद्रा को कारण बताओ नोटिस भेजा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं था। डॉक्टर ने अपने बचाव में बच्चे की मां का बयान पेश किया, लेकिन जब मां से पूछताछ की गई, तो उसने डॉक्टर के दावे को झूठा बताया।
इस घटना के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज की गई है। सीएमओ ने बताया कि डॉक्टर पर पहले भी शिकायतें आई थीं, इसलिए उन्हें सीएमओ ऑफिस अटैच कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले में सख्त कार्रवाई करने और FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।