mahakumb

रेखा गुप्ता को इन नेताओं ने दी बधाई, केजरीवाल ने कहा- उम्मीद है सभी वादे पूरे होंगे

Edited By Pardeep,Updated: 20 Feb, 2025 12:41 AM

these leaders congratulated rekha gupta

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी समेत कई नेताओं ने दिल्ली की मुख्यमंत्री चुने जाने पर रेखा गुप्ता को बुधवार को बधाई दी।

नई दिल्लीः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी समेत कई नेताओं ने दिल्ली की मुख्यमंत्री चुने जाने पर रेखा गुप्ता को बुधवार को बधाई दी। रक्षा मंत्री ने गुप्ता को शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली ‘विकसित भारत' की विकसित राजधानी बनेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता बृहस्पतिवार दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। 

रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। ऐसा मेरा पक्का विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में और उनके प्रयासों से दिल्ली विकसित भारत की विकसित राजधानी बनेगी।'' 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बधाई देते हुए कहा कि ‘‘हरियाणा की बेटी'' रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई। 

सैनी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर हरियाणा की बेटी रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई देता हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली की प्रगति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। विकास की नई ऊंचाइयों के साथ दिल्ली विकसित बनने की ओर अग्रसर होगी और मां यमुना दिल्ली शहर की पहचान बनेगी। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में दिल्ली की विकास यात्रा को नई ऊर्जा और गति मिलेगी एवं भाजपा सरकार दिल्ली को एक आधुनिक शहर बनाएगी।'' हरियाणा में जींद के जुलाना क्षेत्र का नंदगढ़ गांव रेखा गुप्ता का पुश्तैनी गांव है। 

वहीं, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रेखा गुप्ता को राजधानी का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर बुधवार को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह चुनाव प्रचार के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करेंगी। 

आतिशी ने उम्मीद जताई कि भावी मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा द्वारा किए गए वादों को पूरा करेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं नई मुख्यमंत्री से कहना चाहती हूं कि दिल्ली के विकास के लिए आप हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी। यह अच्छी खबर है कि एक महिला राज्य का नेतृत्व करने जा रही है। वर्तमान में पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को छोड़कर कोई भी महिला मुख्यमंत्री नहीं है। मुझे यह भी उम्मीद है कि रेखा गुप्ता जल्द ही महिलाओं को 2,500 रुपये देने के भाजपा के वादे को पूरा करेंगी।'' 

 

आतिशी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बधाई। यह खुशी की बात है कि दिल्ली का नेतृत्व एक महिला करेंगी। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली वालो को किए गए वादे पूरे होंगे। दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी का पूरा सहयोग आपको मिलेगा।'' 

दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके अरविंद केजरीवाल ने गुप्ता को बधाई देते हुए ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बहुत बहुत बधाई। मैं उम्मीद करता हूं कि दिल्ली की जनता को किए गए सारे वादे वे पूरे करेंगी। दिल्ली की जनता के विकास और भले के हर कार्य में हम उन्हें सहयोग करेंगे।'' 

‘आप' के वरिष्ठ नेता और पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख गोपाल राय ने कहा, ‘‘मैं रेखा गुप्ता को बधाई देता हूं। हमारा मानना ​​है कि नई मुख्यमंत्री भाजपा द्वारा दिल्ली की जनता से किए गए वादों को पूरा करेंगी और अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जारी रखेंगी।'' 

 

 

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!