Edited By Anu Malhotra,Updated: 07 Feb, 2025 08:35 AM
![western disturbances cyclonic circulation rain snowfall cold winds](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2025_2image_08_34_254412667imd-ll.jpg)
देशभर में सर्दी ने एक बार फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-NCR में दिनभर तेज धूप देखने को मिल रही है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर...
नेशनल डेस्क: देशभर में सर्दी ने एक बार फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-NCR में दिनभर तेज धूप देखने को मिल रही है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक देखने को मिलेगा।
इस समय असम में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिससे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और लद्दाख में भी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
8-12 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
IMD की वैज्ञानिक सोमा राय के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटी ट्रफ के ऊपर सक्रिय है, जिससे पाकिस्तान में भारी बारिश हुई है और उत्तर-पश्चिम भारत में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान -2.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
उत्तर-पश्चिम भारत में समुद्र से 12.6 किलोमीटर ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिससे अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
शीतलहर और घने कोहरे का भी अलर्ट
8 फरवरी से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 8 से 12 फरवरी तक छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है।
राजस्थान के कुछ इलाकों में ठंडी हवाएं चलने से सर्दी और बढ़ सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.6°C और न्यूनतम तापमान 8.2°C रिकॉर्ड किया गया। 7 फरवरी की सुबह अधिकतम तापमान 20.02°C रहा, जबकि हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। सूर्योदय 7:05 बजे और सूर्यास्त 6:04 बजे होगा।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव करने और कोहरे के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।