Edited By Rohini Oberoi,Updated: 23 Apr, 2025 10:37 AM
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए बर्बर आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई है जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इस कायराना हमले की एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आतंकवादियों ने जानबूझकर सिर्फ पुरुषों को ही निशाना बनाया जबकि...
नेशनल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए बर्बर आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई है जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इस कायराना हमले की एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आतंकवादियों ने जानबूझकर सिर्फ पुरुषों को ही निशाना बनाया जबकि महिलाओं को बख्श दिया। हमले के शिकार हुए ज्यादातर लोग पर्यटक थे जो कश्मीर की खूबसूरती का आनंद लेने आए थे।
इस दुखद घटना में मरने वालों में गुजरात के तीन पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा पहलगाम के स्थानीय निवासी सैयद आदिल हुसैन शाह भी इस हमले में अपनी जान गंवा बैठे।
महाराष्ट्र ने इस आतंकी हमले में अपने पांच नागरिकों को खो दिया। मृतकों की पहचान हेमंत सुहास जोशी और संजय लक्ष्मण लाली के रूप में हुई है जो मुंबई के रहने वाले थे। इसके अलावा अतुल श्रीकांत मोनी, संतोष जागड़ा और कस्तुबा गान्वोते भी महाराष्ट्र के ही निवासी थे।
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के सुशील नथानियल भी इस हमले का शिकार हो गए। वह अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए कश्मीर गए थे। सुशील एलआईसी (भारतीय जीवन बीमा निगम) में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि आतंकवादियों ने पहलगाम में सिर्फ पुरुषों को ही निशाना बनाया। उन्होंने महिलाओं पर कोई गोली नहीं चलाई जिससे इस हमले के पीछे की मंशा और भी संदिग्ध हो जाती है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पहलू पर भी गहन जांच कर रही हैं कि आतंकियों ने ऐसा क्यों किया।
इस हमले में मारे गए सैयद आदिल हुसैन शाह पहलगाम के ही रहने वाले थे जिससे यह स्पष्ट होता है कि आतंकवादियों ने स्थानीय लोगों को भी नहीं बख्शा यदि वे पुरुष थे। इस घटना ने न केवल पर्यटकों बल्कि स्थानीय निवासियों के बीच भी डर का माहौल पैदा कर दिया है।
वहीं कहा जा सकता है कि पहलगाम में हुए इस जघन्य हमले ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। अपनों को खोने का दर्द झेल रहे परिवारों के प्रति पूरे देश में शोक की लहर है। सुरक्षा बल अब आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रहे हैं और इस कायराना हरकत के पीछे के मकसद को उजागर करने की कोशिश कर रहे हैं।