'Yamuna आज वेंटिलेटर पर है!, हमारी नाकामियों के कारण नदी बनी नाला', Rajya Sabha में दिल्ली सरकार पर बरसीं स्वाति मालीवाल

Edited By Yaspal,Updated: 09 Aug, 2024 08:04 PM

yamuna is on ventilator today swati maliwal lashed out at delhi government

आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्य स्वाती मालीवाल ने शुक्रवार को राज्यसभा में यमुना नदी में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा उठाया और कहा कि जब तक दिल्ली में युद्ध स्तर पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट नहीं बनाये जाएंगे, यमुना की स्थिति में सुधार नहीं होगा

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्य स्वाती मालीवाल ने शुक्रवार को राज्यसभा में यमुना नदी में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा उठाया और कहा कि जब तक दिल्ली में युद्ध स्तर पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट नहीं बनाये जाएंगे, यमुना की स्थिति में सुधार नहीं होगा। उच्च सदन में शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए उन्होंने इसके लिए जहां केंद्र सरकार के पूरे सहयोग की जरूरत पर बल दिया वहीं दूसरी तरफ दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए यमुना को लेकर यहां की जनता को ‘सपने दिखाने' और ‘झूठे वादे' करने का आरोप लगाया।

नदी में जहरीला झाग ज्यादा दिखता है और पानी कम
यमुना नदी के पौराणिक महत्व को रेखांकित करते हुए मालीवाल ने कहा कि बहुत दुख की बात है कि यह नदी ‘हमारी नाकामी' की वजह से एक तरीके से ‘नाला' बन गई है। उन्होंने कहा, ‘‘इस नदी की सदियों से पूजा होती आई है। पर आज दिल्ली में 22 नाले इस नदी में गिरते हैं। 23. 80 करोड़ गैलन अपशिष्ट जल हर दिन इस नदी में डाला जा रहा है। हालत यह हो गई है कि नदी में जहरीला झाग ज्यादा दिखता है और पानी कम।''

मालीवाल ने कहा कि इस नदी का बहुत छोटा सा हिस्सा दिल्ली से गुजरता है लेकिन इसी हिस्से में 76 प्रतिशत यमुना प्रदूषित हो जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘हालत बहुत खराब है। 55 सीवेज प्लांट की तत्काल जरूरत है। दिल्ली में सिर्फ 35 है। उसमें से भी 22 मानकों के अनुकूल नहीं है। दिल्ली में अवैध तरीके से कई उद्योगों और कारखानों के खतरनाक रसायन नदी में जा रहे हैं। इस तरह से हमारी जिंदगी में जहर मिलाया जा रहा है। पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।''

यमुना नदी हमारी मां है और वह आज वेंटिलेटर पर है
आप सांसद ने कहा कि 2021 में दिल्ली सरकार ने वादा किया था वह यमुना को इतना साफ कर देगी कि 2025 से पहले कि उसके नेता खुद इसमें डुबकी लगाएंगे। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद यमुना की स्थिति वैसी की वैसी है। उन्होंने कहा, ‘‘हालात इतने खराब है... यमुना नदी हमारी मां है और वह आज वेंटिलेटर पर है।'' मालीवाल ने आरोप लगाया कि यमुना नदी को लेकर सिर्फ ‘राजनीति और खोखली बयानबाजी' हो रही है। उन्होंने कहा, ‘‘झूठे वादे और एक दूसरे पर आरोप मढ़ने से दशा नहीं बदलेगी। जब तक उनकी नीयत साफ नहीं होगी, तब तक यमुना का पानी साफ नहीं हो सकता।'' उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट हमें युद्ध स्तर पर बनाना ही होगा नहीं तो यमुना नदी का यही हाल रहेगा। इसके लिए हमें केंद्र सरकार के पूरे सहयोग की भी जरूरत है।''

मालीवाल, दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में हुई कथित 'पिटाई' के बाद ‘आप' सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ लगातार मुखर हैं। अभी तक ना तो उन्हें 'आप' ने पार्टी से बाहर निकाला है और न उन्होंने खुद पार्टी से इस्तीफा दिया है। शून्यकाल के दौरान सदस्यों ने हिमाचल प्रदेश में हाल के दिनों में आई विभिन्न आपदाओं का उल्लेख करते हुए हिमालयी राज्य के लिए केंद्रीय सहायता की मांग की।

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!