Edited By Radhika,Updated: 22 Feb, 2025 04:22 PM

आधार कार्ड आजकल एक बहुत ही जरूरी डॉक्यूमेंट बन चुका है। स्कूल एडमिशन से लेकर बैंक अकाउंट खोलने तक, हर जगह इसकी आवश्यकता होती है। यह एक ऐसा दस्तावेज है जिसे आईडी प्रूफ के रूप में हर जगह इस्तेमाल किया जाता है।
नेशनल डेस्क: आधार कार्ड आजकल एक बहुत ही जरूरी डॉक्यूमेंट बन चुका है। स्कूल एडमिशन से लेकर बैंक अकाउंट खोलने तक, हर जगह इसकी आवश्यकता होती है। यह एक ऐसा दस्तावेज है जिसे आईडी प्रूफ के रूप में हर जगह इस्तेमाल किया जाता है। अगर आधार कार्ड में कोई जानकारी गलत हो, तो इससे बड़ी परेशानी हो सकती है। UIDAI ने इसे अपडेट करने की सुविधा भी दी है। अगर आधार कार्ड में किसी जानकारी में गलती हो, तो आप आधार केंद्र जाकर उसे सही करा सकते हैं।
आपको यह जानकर हैरानी हो सकती है कि आधार कार्ड में नाम, मोबाइल नंबर, पता, जेंडर जैसी जानकारियों को अपडेट करने की एक लिमिट होती है। कुछ जानकारी को आप अनलिमिटेड बार अपडेट कर सकते हैं, जबकि कुछ चीजों को आप केवल एक बार ही अपडेट कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि किन-किन चीजों को आप कितनी बार अपडेट कर सकते हैं।
मोबाइल नंबर अपडेट-
अगर आपका आधार कार्ड में मोबाइल नंबर गलत है या आपने अपना नंबर बदल लिया है, तो आप इसे अपडेट कर सकते हैं। UIDAI आधार कार्डधारकों को मोबाइल नंबर बदलने की सुविधा देता है और इसमें कोई लिमिट नहीं है। यानी कि आप कितनी बार भी आधार कार्ड में अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं।
नाम अपडेट करना-
आधार कार्ड में आप अपना नाम भी बदल सकते हैं। अगर आप नाम बदलने जा रहे हैं, तो आपको ध्यान रखना होगा कि UIDAI सिर्फ 2 बार ही आधार में नाम अपडेट करने की अनुमति देता है। आप अपनी पूरी जिंदगी में केवल 2 बार अपना नाम बदल सकते हैं।
जन्मतिथि अपडेट करना-
अगर आधार कार्ड में आपकी जन्मतिथि गलत है, तो आप इसे भी सही करा सकते हैं। UIDAI के नियमों के मुताबिक आप अपनी जन्मतिथि को सिर्फ एक बार ही अपडेट करा सकते हैं। इसके लिए आपको जन्म प्रमाण पत्र या शैक्षिक प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज़ की आवश्यकता होगी।

पता अपडेट करना
अगर आपने अपना घर बदल लिया है और आधार कार्ड पर पुराना पता है, तो आप आसानी से नया पता अपडेट कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि जैसे मोबाइल नंबर को बार-बार अपडेट किया जा सकता है, वैसे ही आप अपना घर का पता भी कितनी बार चाहें अपडेट कर सकते हैं।
कौन सी जानकारी ऑनलाइन और कौन सी ऑफलाइन अपडेट होगी
UIDAI आधार कार्ड में जानकारी अपडेट करने के लिए दोनों तरीके – ऑनलाइन और ऑफलाइन – की सुविधा देता है। आपको यह ध्यान रखना होगा कि कुछ चीजों को आप घर बैठे ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं, जबकि कुछ के लिए आपको आधार केंद्र जाना पड़ेगा।
अगर आप नाम, जन्मतिथि, जेंडर या घर का पता अपडेट करना चाहते हैं, तो आप इन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए अपडेट कर सकते हैं। इनके लिए आपको आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं है। लेकिन अगर आप अपने आधार कार्ड में बायोमैट्रिक डिटेल्स (जैसे उंगली के निशान) या मोबाइल नंबर बदलवाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको आधार केंद्र पर जाकर अपडेट करवाना होगा।