Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 16 Apr, 2025 03:37 PM
हमारी धरती जितनी खूबसूरत है उतनी ही रहस्यमयी भी। दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं जो आज भी इंसानों की पहुंच से बाहर हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पृथ्वी पर एक ऐसी जगह भी है जहां इंसान तो छोड़िए, कोई पक्षी तक आसानी से नहीं पहुंच सकता?
नेशनल डेस्क: हमारी धरती जितनी खूबसूरत है उतनी ही रहस्यमयी भी। दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं जो आज भी इंसानों की पहुंच से बाहर हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पृथ्वी पर एक ऐसी जगह भी है जहां इंसान तो छोड़िए, कोई पक्षी तक आसानी से नहीं पहुंच सकता? इस जगह का नाम है पॉइंट नेमो (Point Nemo) जिसे Oceanic Pole of Inaccessibility भी कहा जाता है।
पॉइंट नेमो क्या है?
पॉइंट नेमो का मतलब होता है “कोई नहीं”। यह नाम मशहूर काल्पनिक किरदार कैप्टन नेमो से लिया गया है जो समुद्र में रहकर रोमांचक जीवन जीता था। इस जगह को Earth’s Loneliest Place भी कहा जाता है क्योंकि यह इंसानी बस्तियों से हजारों किलोमीटर दूर स्थित है और वहां तक पहुंचना लगभग नामुमकिन है।
कहां स्थित है ये रहस्यमयी जगह?
यह स्थान प्रशांत महासागर के बिलकुल बीचों-बीच स्थित है। यह दक्षिण अमेरिका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक ऐसा क्षेत्र है जहां कोई देश दावा नहीं करता। इसकी सबसे नजदीकी मानव बस्ती भी करीब 2688 किलोमीटर दूर है। यानी अगर आप वहां पहुंचना भी चाहें तो कई दिन समुद्र में सफर करना पड़ेगा।
वैज्ञानिकों के लिए खास जगह है पॉइंट नेमो
इस जगह की खासियत यह है कि इसे स्पेस मलबा गिराने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। जब उपग्रह और अंतरिक्ष यान पुराने हो जाते हैं और उन्हें धरती पर लाना होता है तो उन्हें पॉइंट नेमो पर ही गिराया जाता है क्योंकि यहां किसी इंसान के घायल होने की संभावना न के बराबर होती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक 250 से ज्यादा स्पेसक्राफ्ट और सैटेलाइट यहां गिराए जा चुके हैं।
यहां की खामोशी डराने लगती है
पॉइंट नेमो की एक और खास बात है वहां की रहस्यमयी आवाजें। साल 1997 में समुद्र वैज्ञानिकों ने इस जगह के पास अजीब और भयानक ध्वनि सुनी थी। ये आवाज इतनी तेज और डरावनी थी कि वैज्ञानिक भी घबरा गए थे। कुछ लोगों ने इसे दूसरी दुनिया की आवाज माना तो कुछ ने कहा कि ये गहराई में चट्टानों के टूटने की गूंज है।
आज भी इस आवाज का रहस्य पूरी तरह से नहीं सुलझ पाया है।
यहां न जीव-जंतु, न पेड़-पौधे
पॉइंट नेमो न केवल इंसानों से दूर है बल्कि यहां कोई भी वनस्पति या जीव-जंतु नहीं पाए जाते। यह इलाका पूरी तरह बंजर और वीरान है। चारों तरफ सिर्फ समुद्र है और हजारों किलोमीटर तक कुछ नहीं। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस जगह की गहराइयों में शायद आज भी कई रहस्य छिपे हुए हैं।
कैसे हुई इस जगह की खोज?
इस रहस्यमयी स्थान की खोज 1992 में एक सर्वे इंजीनियर Hrvoje Lukatela ने की थी। उन्होंने कंप्यूटर मॉडलिंग और गणना के जरिए यह पता लगाया कि पृथ्वी पर वह स्थान कौन सा है जो हर दिशा से इंसानी बस्तियों से सबसे दूर है।
तभी से इस जगह को वैज्ञानिकों ने पॉइंट नेमो नाम दिया और इसे अंतरिक्ष कबाड़ गिराने की जगह के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।
रहस्य आज भी कायम
पॉइंट नेमो का रहस्य आज भी कायम है। वैज्ञानिक यहां समय-समय पर रिसर्च के लिए जाते हैं लेकिन अब तक यहां कोई ठोस संरचना या जीव नहीं मिला है। यहां का सन्नाटा, रहस्यमयी आवाजें और पहुंच से बाहर होना इसे दुनिया की सबसे अनोखी जगहों में शामिल करता है।